गोरखपुर से महाराजगंज तक फैला था चोरी का नेटवर्क, गैंगस्टर एक्ट में महिला सरगना को दबोचा

महाराजगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अंतरजनपदीय चोर गिरोह की मुख्य सरगना मंजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला गोरखपुर और महाराजगंज में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह की लीडर थी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 11:33 PM IST

Maharajganj : भीड़भाड़ वाले बाजार, दुकानें और वाहन उसके निशाने पर रहते थे। गिरोह के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला को महाराजगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई महिला एक संगठित अंतरजनपदीय चोर गिरोह की मुख्य सरगना है। यह महाराजगंज और गोरखपुर जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश तेज कर दी गई है।

दबिश देकर पुलिस ने महिला आरोपी को पकड़ा

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृजमनगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मुकदमे में वांछित आरोपी मंजू पत्नी विजय बहादुर को गिरफ्तार किया है।

महाराजगंज: जरा सी कहासुनी बनी मौत का पैगाम, पत्नी से विवाद के बाद कारपेंटर ने दी जान, मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय मंजू गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र स्थित ग्राम आराजी मतनी की रहने वाली है। टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी महिला के खिलाफ बृजमनगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।

दुकानों और वाहनों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थी। यह गिरोह खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, दुकानों और वाहनों को निशाना बनाता था।

पुलिस के अफसर ने बताया कि गिरोह चोरी के लिए पहले मौके की रेकी करता था और फिर योजना बनाकर वारदात को अंजाम देता था। गिरोह का नेटवर्क महाराजगंज से लेकर गोरखपुर तक फैला हुआ था।

पहले भी दर्ज हो चुका है चोरी का मामला

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है। गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाने में उसके खिलाफ चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।

आरोपी को भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया है।

Location :  Maharajganj

Published :  9 August 2026, 11:33 PM IST