DN Exclusive: जहां मिलनी थी राहत, वहीं प्यासे लौट रहे लोग! गोरखपुर डीएम कार्यालय की बदहाल व्यवस्था

गोरखपुर में भीषण गर्मी के बीच डीएम कार्यालय में पीने के पानी का संकट सामने आया है। फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोग खुद प्यास से परेशान हैं। कार्यालय परिसर में लगे नल सूखे पड़े हैं और लोगों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से यहां पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रशासनिक दावों के बीच यह तस्वीर व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 May 2026, 4:49 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जिस जिला अधिकारी कार्यालय में लोग अपनी समस्याओं का समाधान कराने और राहत की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहीं लोगों को पीने के लिए एक बूंद पानी तक नसीब नहीं हो रहा। हालात ऐसे हैं कि डीएम ऑफिस परिसर में लगे नल पूरी तरह सूखे पड़े हैं और दूर-दराज से अपनी फरियाद लेकर आए लोग प्यासे ही वापस लौटने को मजबूर हैं।

तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी के बीच जब लोग डीएम कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें उम्मीद रहती है कि चाहे बाहर कहीं पानी मिले या न मिले, लेकिन जिला अधिकारी कार्यालय में कम से कम पीने के पानी की व्यवस्था जरूर होगी। मगर यहां पहुंचने के बाद लोगों को निराशा हाथ लग रही है। परिसर में लगे नलों में पानी नहीं आने से लोग बेहद परेशान दिखाई दिए।

डाइनामाइट न्यूज की टीम जब जिला अधिकारी कार्यालय पहुंची तो वहां की तस्वीरें चौंकाने वाली थीं। कार्यालय परिसर में लगे नल सूखे पड़े मिले। लोगों की भीड़ तो दिखाई दी लेकिन पीने के पानी की कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। गर्मी से बेहाल लोग इधर-उधर पानी तलाशते दिखे। कई लोग तो हाथ में बोतल लिए घूमते नजर आए, लेकिन उन्हें पानी नहीं मिला।

“एक-दो दिन नहीं, महीनों से खराब हैं नल”

डीएम कार्यालय पहुंचे कुछ लोगों से बातचीत की गई तो उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। उनका कहना था कि एक-दो दिन नहीं बल्कि पिछले एक से दो महीने से यहां लगे नलों में पानी नहीं आ रहा है।

NEET छात्रा के साथ 16 दिन तक क्या होता रहा? महोबा कांड पर गोरखपुर में फूटा कांग्रेस का गुस्सा

एक फरियादी ने बताया कि वह गांव से अपनी समस्या लेकर डीएम ऑफिस आए थे। तेज धूप में घंटों सफर करने के बाद जब कार्यालय पहुंचे तो उन्हें पानी तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में अगर सरकारी दफ्तरों में भी पानी की व्यवस्था नहीं होगी तो आम जनता आखिर कहां जाएगी।

वहीं एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि लोग यहां इस उम्मीद में आते हैं कि कम से कम सरकारी कार्यालय में बुनियादी सुविधाएं जरूर मिलेंगी, लेकिन यहां तो पीने के पानी तक की सुविधा नहीं है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी में बढ़ी लोगों की परेशानी

इन दिनों गोरखपुर समेत पूरे पूर्वांचल में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे मौसम में पानी की जरूरत सबसे ज्यादा होती है। डॉक्टर भी लगातार लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

इसके बावजूद जिला अधिकारी कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था ठप होना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है। यहां रोजाना सैकड़ों लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का न होना लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है।

गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहे लोग

प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल

सरकारी स्तर पर अक्सर यह दावा किया जाता है कि आम जनता की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। लेकिन डीएम कार्यालय की यह तस्वीर उन दावों की हकीकत बयान करती नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि जब जिले के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यालय में ही यह स्थिति है तो बाकी सरकारी दफ्तरों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन व्यवस्थाओं को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। कई लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब पड़े नलों को सही कराया जाए और पीने के पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 May 2026, 4:42 PM IST