गोरखपुर में नदी-तालाब किनारे क्या करने जा रही है पुलिस? लोग भी हैरान

गोरखपुर में हादसों को रोकने के लिए पुलिस का नया प्लान सामने आया है। पुलिस नदी-तालाबों पर कड़ी नजर रख रही है। डूबने की बढ़ती घटनाओं के बीच गोरखपुर पुलिस ने बड़ा फैसला किया है। जानिए क्या है पुलिस की ये चिंता

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 29 May 2026, 10:49 PM IST

Gorakhpur: गर्मी के मौसम में नदी और तालाबों में नहाने के दौरान लगातार बढ़ रही डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना राजघाट पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस द्वारा नदी घाटों, तालाबों और संवेदनशील जलाशयों के आसपास पहुंचकर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को गहरे पानी में जाने से रोकना तथा संभावित हादसों को समय रहते टालना रहा।

पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से की अपील

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बिना निगरानी नदी या गहरे तालाबों में नहाने के लिए न भेजें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन जाती है। इसी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी गई।

फर्जी बिलों से करोड़ों की ठगी, कैशियर निकला गबन का खिलाड़ी! गोरखपुर पुलिस का बड़ा खुलासा

लोगों को किया सचेत

थाना राजघाट पुलिस ने गहरे और खतरनाक घाटों के किनारे चेतावनी संबंधी बैनर भी लगवाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस का कहना है कि जहां-जहां डूबने की घटनाओं की संभावना अधिक है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इस जागरूकता अभियान में चौकी प्रभारी टीपी नगर, चौकी प्रभारी अमरुदबाग तथा स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे। सभी ने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और बच्चों को सुरक्षित रखें। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी भी दी।

गोरखपुर में चेकिंग के दौरान खुला राज… नाबालिग को मजदूरी से ऐसे कराया गया मुक्त

जोखिम वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त

राजघाट पुलिस द्वारा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त भी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि जनजागरूकता और सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे बड़ा माध्यम है। इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की पहल की सराहना की और इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 May 2026, 10:45 PM IST