
गोरखपुर में फरार पशु तस्कर गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिवारीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2019 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी पशु तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त छोटकल्ली उर्फ खुशबुद्दीन को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान छोटकल्ली उर्फ खुशबुद्दीन पुत्र बिस्मिल्लाह निवासी शेखटोलिया बनवीरपुर, थाना कोतवाली पडरौना, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना तिवारीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 253/2019 में वांछित था।
बताया गया कि 30 जुलाई 2019 को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पशुओं से लदे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में वाहन भगा दिया।
गोरखपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, चार घायल, तीन जिला अस्पताल रेफर
आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलकर जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ गोरखनाथ, शाहपुर और तिवारीपुर थानों में हत्या के प्रयास, गौहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
गोरखपुर में गैंगस्टर की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
तिवारीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 20 May 2026, 12:24 AM IST