हिंदी
यूपी में घर बैठे मिलेगा वोटर कार्ड
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर ID कार्ड को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। अगर आपने वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया है, लेकिन अब तक मतदाता पहचान पत्र (EPIC) नहीं मिला है, तो आपके लिए राहत भरी खबर है।
इस पर यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा के अधिकृत एक्स हैंडल के जरिए एक पोस्ट में खेद जताया और देरी होने का कारण भी स्पष्ट किया। इसमें यह जानकारी भी दी गई है कि वोटर लिस्ट में दर्ज वोटरों को कब ईपीआईसी (एपिक) मिलेंगे।
सीईओ की ओर से एक्स पर शेयर की गई पोस्ट में कहा गया है कि ईपीआईसी की प्रतीक्षा जल्द ही खत्म हो जाएगी। नवंबर महीने के अंत तक हर कोई जिसका नाम जुलाई के अंत से पहले मतदाता सूची में दर्ज किया गया था, उन्हें स्पीड पोस्ट के माध्यम से ईपीआईसी कार्ड प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि ईपीआईसी प्रिंटिंग फर्मों के चयन के लिए नई निविदा को अंतिम रूप देने में देरी के कारण हुआ है। जिन मतदाताओं के नाम अगस्त, सितंबर और अक्टूबर के महीने में दर्ज किए गए हैं, उन्हें यह 31 दिसंबर तक प्राप्त होगा।
चुनाव आयोग (ECI) की ओर से हाल ही में उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्टों के विशेष पुनरीक्षण (Special summary revision) का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है।
इस एसएसआर कार्यक्रम के अनुसार फाइनल वोटर लिस्ट चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। मतदाता की पात्रता तय करने के लिए एक जनवरी 2027 को पात्रता तिथि मानकर मतदाता सूची का यह रिवीजन किया जाएगा।
यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक पोलिंग बूथों का युक्तिकरण और पुनर्गठन दो नवंबर 2026 तक पूरा होगा। मतदाता सूची का ड्राफ्ट 12 नवंबर को आएगा। लिस्ट में नामों के जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी।
सभी दावों और आपत्तियों की जांच करके उनका निपटारा 28 दिसंबर तक कर दिया जाएगा। इसके पश्चात चार जनवरी 2027 को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दी जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 21 October 2026, 1:41 PM IST