वायरल वीडियो के 24 घंटे बाद विवाहिता की मौत, पति-सास पर जहर देने का आरोप; पुलिस जांच तेज

वायरल वीडियो में पति और सास पर जहर देने का आरोप लगाने वाली विवाहिता की 24 घंटे बाद मौत हो गई। अब यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं, बल्कि कई सवालों का केंद्र बन गया है। परिजनों के आरोप, वीडियो और पुलिस जांच के बीच आखिर सच क्या है?

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर ससुराल पक्ष पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता का वीडियो वायरल होने के महज 24 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। मृतका के परिजनों ने पति और सास के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए गोला पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जानकारी के अनुसार, मृतका तराना बानो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह बेहद कमजोर हालत में दिखाई दे रही थी और उसने आरोप लगाया था कि उसकी सास अक्सर उसके साथ मारपीट करती थी और उसके पति ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। वीडियो में उसने कहा था कि जहर देने के बाद उसे गोरखपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसके पिता उसे इलाज के लिए आजमगढ़ ले गए। उसने यह भी कहा था कि लगातार इलाज के बावजूद उसकी तबीयत ठीक नहीं हो रही है।

ये भी पढ़ें- घर से निकले थे तीन लोग… कुछ ही मिनटों बाद सड़क पर बिछ गईं लाशें, बदायूं के दर्दनाक हादसे ने रुला दिया

परिजनों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद तराना की हालत और बिगड़ गई। उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतका की मां ने लगाया आरोप

मृतका की मां जहरूननिशा, पत्नी सुभान अली, निवासी ग्राम कादीपुर, थाना रौनापार (जनपद आजमगढ़) ने गोला पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की शादी नगर पंचायत गोला की टीचर कॉलोनी निवासी नाजिम अली पुत्र इन्नल खलीफा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। तहरीर के अनुसार, 27 जून को पति और सास ने तराना के साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। पहले उसका इलाज बड़हलगंज और गोरखपुर में कराया गया, बाद में मायके वाले उसे आजमगढ़ ले गए। इसके बाद इलाज के लिए लखनऊ के मेडबिल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- गैर-कानूनी हिरासत: सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो भड़की डॉक्टरों पर, सरकार को भी खरी खोटी

परिजनों का कहना है कि उनके पास मृतका का वह वीडियो भी सुरक्षित है, जिसमें उसने स्वयं अपने पति और सास पर जहर देने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर, वायरल वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 July 2026, 1:39 PM IST

Advertisement