
पुलिस-ग्रामीणों में पथराव
Saharanpur : जिले के गंगोह क्षेत्र में उस वक्त हालात बेकाबू हो गए जब विवादित जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बानुखेड़ी गांव में हुई इस कार्रवाई के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की से लेकर पथराव तक की नौबत आ गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए।
गांव में करीब 45 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। एक पक्ष का कहना है कि यह जमीन अनुसूचित समाज के लोगों को वर्ष 1987 में पट्टे के रूप में आवंटित की गई थी, जबकि दूसरा पक्ष भी इस जमीन पर अपना अधिकार जता रहा है। इसी पुराने विवाद को निपटाने के लिए प्रशासन ने कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की थी।
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के बानुखेड़ी गांव में विवादित जमीन पर कब्जा हटाने गई पुलिस और राजस्व टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। पथराव और झड़प में एक सिपाही समेत कई लोग घायल हुए। मौके पर तनाव के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।@saharanpurpol #Saharanpur pic.twitter.com/dlUijN3ot2
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 16, 2026
राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और निर्धारित जमीन पर कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। खेत की जुताई जैसे ही शुरू हुई, इसकी खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे माहौल धीरे-धीरे गर्म होता चला गया।
सहारनपुर में सफाई व्यवस्था पर संकट! प्राइवेट कंपनी के विरोध में कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
देखते ही देखते मौके पर भीड़ और प्रशासनिक टीम के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लोगों को मौके से हटाया गया। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस घटना में सिपाही रविश कुमार घायल हो गए, जबकि ग्रामीण पक्ष से महिला समेत चार लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासनिक टीम को बिना कार्रवाई पूरी किए ही वापस लौटना पड़ा।
सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि राजस्व विभाग की मांग पर पुलिस बल उपलब्ध कराया गया था ताकि शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की, जिन्हें मौके से हटाया गया। साथ ही पुलिस ने लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
Location : Saharanpur
Published : 16 May 2026, 5:46 PM IST