
कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर (Img : Google)
Ghazipur : जिले के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी कमलेश चौधरी बुधवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इस कार्रवाई के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने तुरंत जवाबी फायरिंग की। जिसमें कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में मुख्य आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ में घायल स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
एसपी ने बताया कि कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस पूरे मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Ghazipur
Published : 4 June 2026, 6:54 AM IST