
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल ने गायों को खिलाया गुड़
महराजगंज: सिसवा विधानसभा क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गौ सदन में कुछ दिन पहले गाय की मौत के मामले ने लोगों को चिंता में डोल दिया। स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल शनिवार को मदनपुरा गौ सदन पहुंचे। उन्होंने मृत गाय पर शोक व्यक्त करते हुए घटना पर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि गौ माता हमारी आस्था से जुड़ी हुई हैं और उनकी सेवा करना हम सबका कर्तव्य है।
पूर्व मंत्री ने मौके पर पहुंचकर न केवल मृत गाय पर दुख जताया, बल्कि वहां मौजूद अन्य गायों के लिए 40 किलो गुड़ दान किया और स्वयं अपने हाथों से गायों को गुड़ खिलाया।
इस दौरान उन्होंने गौ सदन की देखरेख करने वाले केयर टेकरों से व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौ सदन में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण आए दिन पशुओं को परेशानी झेलनी पड़ती है, जिसे तत्काल दूर करना आवश्यक है।
सुशील कुमार टिंबडेवाल ने सरकार से यह मांग की कि जिले के सभी गौ सदनों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि अव्यवस्था और लापरवाही की वजह से किसी भी गाय की जान न जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय जिम्मेदारों के साथ-साथ आमजन को भी आगे आकर गौ सेवा करनी चाहिए। समय-समय पर निरीक्षण और देखरेख की जाए तो गौ सदनों में व्याप्त कमियों को दूर किया जा सकता है।
पूर्व मंत्री ने उपस्थित लोगों से भी गौ सेवा में सहयोग करने की अपील की और आश्वासन दिया कि वह स्वयं इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल आस्था का ही विषय नहीं है बल्कि पशुओं के जीवन से जुड़ा मानवीय सवाल भी है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, वरिष्ठ नेता विजय तिवारी, सतीश यादव, विजय यादव, अमरनाथ यादव, हीरा लाल जख्मी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गौ सेवा के लिए आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
Location : Maharajganj
Published : 27 September 2025, 8:47 PM IST