वाराणसी में जमीन विवाद हुआ खतरनाक, अधिवक्ताओं पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने की फायरिंग

सीरगोवर्धनपुर में प्लॉट के रास्ते पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अधिवक्ताओं पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरधारी पटेल ने फायरिंग की, पुलिस ने पिस्टल बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 11:34 AM IST

Varanasi: वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर इलाके में प्लॉट पर रास्ते के विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अधिवक्ताओं और एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बीच मारपीट की नौबत आ गई और मामला फायरिंग तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

प्लॉट पर रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार का सीरगोवर्धन क्षेत्र के काशी पुरम कॉलोनी में एक प्लॉट है। वे अपने साथी अधिवक्ता जेलेंद्र राय के साथ प्लॉट देखने पहुंचे थे। इसी दौरान मिर्जापुर के नारायणपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सपा नेता गिरधारी पटेल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। उनके साथ आनंद सिन्हा, अनुराग सिंह, आनंद कुमार, पवन मिश्रा और श्वेता वर्मा भी मौजूद थे।

बताया गया कि मौके पर पहुंचते ही रास्ते के इस्तेमाल को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।

Varanasi News: दोस्तों संग नहाने गया किशोर गंगा में डूबा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल; 20 घंटे से जारी है खोज

अधिवक्ताओं का आरोप: जानलेवा फायरिंग की गई

अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान गिरधारी पटेल और उनके साथियों ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग भी की। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह हमला सुनियोजित था और उनकी जान को खतरा पैदा किया गया।

घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया और वे बड़ी संख्या में लंका थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। सूचना मिलने पर एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित अधिवक्ताओं को समझाने की कोशिश की और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और भीड़ को शांत कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने जानकारी दी कि अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

Varanasi News: एसओजी की छापेमारी में खुला जुए का गोरखधंधा, शिवपुर के जंगल से 6 जुआड़ी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद होने की बात भी कही है, हालांकि कारतूस नहीं मिला है। इस मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है।

जांच जारी, तनावपूर्ण माहौल

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और फायरिंग की स्थिति कैसे बनी। इलाके में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  2 June 2026, 11:34 AM IST