Varanasi News: झंडा विवाद पर भड़की भीड़, पुलिस पर पथराव… ACP समेत 7 घायल

वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एसीपी समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में 61 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 18 April 2026, 1:55 PM IST

Varanasi: उत्तर प्रदेश में स्थित वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। रामनवमी पर लगाए गए भगवा झंडे को अंबेडकर जयंती के मौके पर हटाकर नीला झंडा लगाया गया था। इसके बाद 15 अप्रैल की रात नीला झंडा हटाने और जलाने की अफवाह सोशल मीडिया पर फैल गई, जिससे माहौल गरमा गया।

बृहस्पतिवार को इस विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और नारेबाजी के बीच चक्काजाम कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तनाव लगातार बढ़ता रहा।

एसीपी समेत 7 पुलिसकर्मी घायल

स्थिति को काबू में करने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के माथे पर पत्थर लग गया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं। उनके साथ चोलापुर इंस्पेक्टर सधुवन राम गौतम, चौकी इंचार्ज विपिन पांडेय और अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

पुराने बयान से नई बहस,अखिलेश यादव ने शेयर किया योगी का पुराना वीडियो

कुल सात पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद पीएसी को मौके पर बुलाया गया और आसपास के पांच थानों की फोर्स तैनात की गई।

61 पर FIR, चार गिरफ्तार- गांव में तनाव बरकरार

मामले में गोसाईपुर चौकी इंचार्ज की तहरीर पर 11 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा और सरकारी कार्य में बाधा समेत 12 धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

सोने-चांदी के आयात की मंजूरी, राहत मिलने से कारोबारी खुश

नारेबाजी से भड़का माहौल

घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर नारेबाजी हुई। एक तरफ 'जय भीम' के नारे लगे तो दूसरी ओर ‘जय भवानी’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे गूंजते रहे। शुरुआत में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था, लेकिन अचानक हुई पत्थरबाजी ने पूरे माहौल को बिगाड़ दिया।

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  18 April 2026, 1:55 PM IST