Lucknow: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अब मौसम में स्थिरता देखी जा रही है। हाल ही में हुई बारिश के बाद आसमान पूरी तरह साफ हो चुका है और धीरे-धीरे ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी कंपकंपा देने वाली ठंड नहीं पड़ी है, लेकिन सुबह और रात के समय सर्द हवाओं ने लोगों को गरम कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। वहीं दिन के समय निकल रही हल्की धूप लोगों को राहत दे रही है।
मौसम में नहीं होगा कोई बड़ा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 9 से 14 नवंबर तक प्रदेश का मौसम शुष्क और सामान्य रहेगा। विभाग ने किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। वहीं कोहरे को लेकर भी इस दौरान कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
तापमान में दर्ज की जा सकती है गिरावट
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज़ होगा।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि फिलहाल पंजाब और जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसके चलते पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। उन्हीं इलाकों से आने वाली पछुआ हवाएं उत्तर प्रदेश के तापमान को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले एक सप्ताह तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
जानें जिलेवार तापमान
शनिवार को जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। बाराबंकी में सबसे कम तापमान 11℃ रिकॉर्ड हुआ है। कानपुर में 11.7℃, आगरा में 11.5℃, प्रयागराज और बुलंदशहर में 12℃, जबकि लखनऊ में न्यूनतम तापमान 13.8℃ और अधिकतम 29.5℃ दर्ज किया गया है। इटावा में अधिकतम तापमान केवल 22.6℃ रहा, जो इस समय का सबसे कम तापमान है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में बारिश या घने कोहरे की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड को 25 साल पूरे, जानें देहरादून में पीएम मोदी किन परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
दिन में गर्म धूप और रात में सर्द हवाओं के इस मिश्रण ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। लोग अब धीरे-धीरे सर्दियों की तैयारियों में जुट गए हैं, बाजारों में ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ रही है और सुबह-सुबह चाय की चुस्कियों के साथ सर्दी का मज़ा भी लिया जा रहा है।

