
यूपी में वोटर लिस्ट अपडेट करने की तैयारी
Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में खासतौर पर युवा और महिला मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। निर्वाचन विभाग विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने की तैयारी में जुटा है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
नवदीप रिणवा ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का मिलान पंचायत और नगरीय निकायों की मतदाता सूची से किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे नागरिकों की पहचान करना है, जो मतदान के पात्र हैं लेकिन उनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का पंचायत और नगरीय निकायों की मतदाता सूचियों से गहनता से मिलान किया जाएगा। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इसके बाद संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) इन नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों की पहचान के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की सहायता भी ली जाएगी। इसके तहत सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर पंजीकृत राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों की पहचान की जाएगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य राशन कार्डों में उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऐसे पात्र लोगों तक पहुंचना है, जो अब तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो पाए हैं।
इस अभियान में युवा और महिला मतदाताओं को प्राथमिकता के साथ शामिल कराने पर जोर दिया जाएगा। सरकारी विभागों के समन्वय से पात्र नागरिकों की पहचान और उनके पंजीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए विभिन्न उपलब्ध रिकॉर्ड का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।
Location : Lucknow
Published : 5 November 2026, 6:27 AM IST