हिंदी
प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर दर्दनाक हादसा (Img: X)
Prayagraj: सोमवार को प्रयागराज-कौशाम्बी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जबरदस्त धमाके से पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री मलबे में तब्दील हो गई और आस-पास के कई घर भी प्रभावित हुए। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और एयर फोर्स की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं।
यह धमाका कौशाम्बी जिले के मोहम्मदपुर गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुआ। जोरदार धमाके के बाद फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह ढह गई। खबरों के मुताबिक, धमाके का असर लगभग 50 मीटर के दायरे में महसूस किया गया, जिससे आस-पास के कई घरों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जलते हुए पटाखों की वजह से लगातार हो रहे छोटे-छोटे धमाकों ने राहत कार्यों में बाधा डाली।
यह भी पढ़ें - Prayagraj Temple Collapse: प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा गिरा, मची अफरा-तफरी
कौशांबी में घर के अंदर पटाखा बनाते समय बड़ा धमाका, विस्फोट से मचा हड़कंप#Kaushambi #KaushambiNews #Prayagraj #PrayagrajNews pic.twitter.com/K90Pgtbmpq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 31, 2026
प्रशासन के अनुसार, पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और लगभग 25 लोगों के घायल होने की खबर है। कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, आशंका है कि करीब 15 लोग अभी भी फैक्ट्री के मलबे में दबे हो सकते हैं। बचाव टीमें मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रही हैं।
यह घटना प्रयागराज बॉर्डर से सटे मोहम्मदपुर गांव में हुई। दुर्घटना स्थल से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर मनौरी में एयर फोर्स स्टेशन स्थित है। धमाके की आवाज़ दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद फैक्ट्री से धुएं का गुबार उठा, जिसने आस-पास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें - Prayagraj News: थाने के पास से युवक को कार में जबरन बैठाया, फिर यमुना में फेंका शव; छोटे भाई के ससुर ने क्यों लिया ऐसा बदला?
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू कर दिए। वीडियो में ग्रामीण झुलसे हुए पीड़ितों को खाट पर डालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए दिखे। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। उस समय फैक्ट्री में कई कर्मचारी मौजूद थे। कुछ लोगों को बचा लिया गया है, जबकि बाकियों की तलाश जारी है।
प्रशासन का कहना है कि अभी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। आग पूरी तरह बुझने और बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही वास्तविक नुकसान और हताहतों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी।
Location : Prayagraj
Published : 31 August 2026, 2:44 PM IST