UP Breaking News Live: सत्ता का संग्राम, मौसम का मिजाज और जमीनी का सच, पढ़ें यूपी की हर छोटी-बड़ी खबर एक क्लिक में

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 August 2026 , 7:01 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 28 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।

प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।

डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।

28 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 28 Aug 2026 07:01 PM (IST)

      Prayagraj Live Update: इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत

      प्रयागराज में रक्षाबंधन पर मायके आई महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। खीरी थाना क्षेत्र के कीहुनी गांव निवासी निर्मला अपने भाइयों को राखी बांधने मायके आई थी। दोपहर बाद उसकी तबीयत खराब हुई तो परिजन उसे गल्ला मंडी के पास एक निजी क्लिनिक पर ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां कथित डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद वह अचेत हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर घर चले गए। मामले में मौत की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

    • 28 Aug 2026 06:51 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: नौतनवा में युवक का फंदे से लटका मिला शव

      महराजगंज के नौतनवा कस्बे के मधुवन नगर में शुक्रवार को युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान शिवम जायसवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद के चलते अलग-अलग रहने की बात सामने आई है। शिवम दुकान पर काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था और उसके तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना के समय उसके माता-पिता रक्षाबंधन पर फरेंदा गए थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    • 28 Aug 2026 06:36 PM (IST)

      Hathras Live Update: पुराने SP ऑफिस के पास मिला व्यक्ति का शव

      हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र में रमनपुर रोड स्थित पुराने SP ऑफिस के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल व्यक्ति की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    • 28 Aug 2026 06:35 PM (IST)

      Kanpur Live Update: नदी में डूबीं 4 लड़कियां

      कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में बकरी चराने गईं चार लड़कियां नदी में डूब गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर तीन लड़कियों को नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि एक लड़की का अभी तक पता नहीं चल सका है। नदी में पानी अधिक होने के कारण उसकी तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से लापता लड़की की तलाश जारी है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    • 28 Aug 2026 06:34 PM (IST)

      Hardio Live Update: हरदोई में सड़क हादसा में मामा-भांजे समेत 3 की मौत

      हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मामा-भांजे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

    • 28 Aug 2026 06:33 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: पूर्व होमगार्ड ने फांसी लगाकर दी जान

      हमीरपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के कजियाना इलाके में पूर्व होमगार्ड ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पूर्व होमगार्ड ने अज्ञात कारणों के चलते यह कदम उठाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

    • 28 Aug 2026 06:32 PM (IST)

      Unnao Live Update: राखी बांधकर लौट रही बहन और बेटे की हादसे में मौत

      उन्नाव के बीघापुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कर्ण में रक्षाबंधन पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भाई को राखी बांधकर बेटे के साथ बाइक से लौट रही बहन को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

    • 28 Aug 2026 06:32 PM (IST)

      Raebareli Live Update: निमोनिया-बुखार से पीड़ित किशोरी की मौत

      रायबरेली के ऊंचाहार कस्बे स्थित चौहान हॉस्पिटल में निमोनिया और बुखार से पीड़ित किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि किशोरी का इलाज ट्रेनी स्टाफ से कराया जा रहा था। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह और इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है।

    • 28 Aug 2026 06:30 PM (IST)

      Raebareli Live Update: भाई को राखी बांधने जा रही बहन की हादसे में मौत

      रायबरेली में रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक सड़क हादसे में भाई को राखी बांधने जा रही बहन की मौत हो गई। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर महिला अपने भतीजे के साथ सवार थी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रक्षाबंधन पर हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

    • 28 Aug 2026 06:29 PM (IST)

      Bijnor Live Update: रक्षाबंधन पर पत्नी के घर जाते समय विवाद

      बिजनौर में रक्षाबंधन पर पत्नी के घर जा रहे दंपति के बीच रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पति बबलू सैनी गुस्से में आ गया और उसने अपनी ही बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी। घटना थाना नांगल क्षेत्र की दहीरपुर पंचायत घर के पास की बताई जा रही है। बाइक में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल विवाद की वजह और आग लगाने के कारणों को लेकर पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

    • 28 Aug 2026 05:53 PM (IST)

      Amethi Live Update: अमेठी में नर्सिंग छात्रा का शव फंदे से लटका मिला

      अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में 21 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान सुल्तानपुर के बल्दीराय क्षेत्र निवासी दीप्ति यादव के रूप में हुई है। वह GNM की अंतिम सत्र की छात्रा थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा के मुताबिक परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

    • 28 Aug 2026 05:51 PM (IST)

      Deoria Live Update: गैंगेस्टर एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार

      देवरिया के बरियारपुर थाना पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पडरीमल्ल रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा गया। सुनील यादव गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के साथीपार गांव का रहने वाला बताया गया है। उसके खिलाफ बरियारपुर थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    • 28 Aug 2026 05:49 PM (IST)

      Deoria Live Update: ई-रिक्शा से रेकी, रात में चोरी; चार आरोपी गिरफ्तार

      देवरिया कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ई-रिक्शा से शहर में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी करते थे। 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर चीनी मिल ग्राउंड के पास ई-रिक्शा सवार चारों को पकड़ा गया। इनके पास से लोहे का संबल, पीली धातु/सोने के दो टुकड़े और 9,540 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उमानगर और कैलाशपुरी में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के जेवर गलाकर नेपाल में बेचते थे। पुलिस ने चारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

    • 28 Aug 2026 05:14 PM (IST)

      Gorakhpur Live Update: छात्रा से अश्लील बातचीत के आरोप में मुकदमा

      गोरखपुर के गोला क्षेत्र में निजी विद्यालय के प्रबंधक के बेटे और छात्रा के बीच कथित अश्लील बातचीत का ऑडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। छात्रा की तहरीर पर आरोपी प्रतीक तिवारी के खिलाफ BNS, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। करीब 29 सेकेंड के वायरल ऑडियो को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस वायरल ऑडियो और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

    • 28 Aug 2026 05:11 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: रक्षाबंधन पर पौधों को बांधी राखी

      सुल्तानपुर रेंज में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहनों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर उनकी देखभाल व सुरक्षा का संकल्प लिया गया। इसी के साथ रेंज परिसर में ‘रक्षाबंधन वाटिका’ की स्थापना की गई। लोगों ने कहा कि जिस तरह भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह प्रकृति की रक्षा भी जरूरी है। आयोजकों ने लोगों से पर्वों और खास अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। ‘रक्षाबंधन वाटिका’ आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्व की याद भी दिलाएगी।

    • 28 Aug 2026 05:10 PM (IST)

      Deoria Live Update: जेल में 500 से ज्यादा बहनों ने बांधी राखी

      देवरिया जिला कारागार में रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं की मार्मिक तस्वीर देखने को मिली। 500 से अधिक बहनें और परिजन जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने पहुंचे। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सलामती और लंबी उम्र की दुआ मांगी। कई बहनें भाई से मिलते ही भावुक हो गईं। परिजन अपने साथ पूरी-सब्जी और मिठाई लेकर पहुंचे थे। कुशीनगर से भी बड़ी संख्या में लोग आए। जेल प्रशासन ने टेंट, कुर्सी और पेयजल समेत जरूरी व्यवस्थाएं की थीं। रामकोला निवासी परमानंद सिंह अपनी बहन रंभा देवी से मिलकर भावुक हो गए।

    • 28 Aug 2026 04:56 PM (IST)

      Bahraich Live Update: हाईटेंशन तार की चपेट में आया किसान

      बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के बिशुनापुर गांव में खेत में मचान बना रहा किसान हादसे का शिकार हो गया। मचान तैयार करने के दौरान बल्ली अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गई। बल्ली में करंट उतरने से किसान गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से गांव में मातम का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

    • 28 Aug 2026 04:55 PM (IST)

      Sitapur Live Update: कब्र के बाहर मिली सिर कटी लाश, तंत्र-मंत्र की आशंका

      सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव में कब्र से शव का सिर गायब मिलने से सनसनी फैल गई। करीब दो महीने पहले बीमारी के चलते अमीन की मौत हुई थी, जिसके बाद शव को गांव के बाहर कब्र में दफनाया गया था। अब परिजनों को कब्र के बाहर सिर कटा शव पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में तंत्र-मंत्र की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। परिजनों ने शव को दोबारा कब्र में दफन कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

    • 28 Aug 2026 04:55 PM (IST)

      Unnao Live Update: उन्नाव में सवारियों से भरी बस पलटी, महिला की मौत

      उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र में उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

    • 28 Aug 2026 04:54 PM (IST)

      Jalaun Live Update: कुएं में गिरने से महिला की मौत

      जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के कीरतपुर गांव में पैर फिसलने से एक महिला कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

    • 28 Aug 2026 04:24 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: रक्षाबंधन पर विंध्याचल में कचरे का अंबार

      मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में रक्षाबंधन के मौके पर सफाई व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। प्रमुख अटल चौक और आसपास के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। कचरे से उठ रही दुर्गंध के बीच स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब हो रही है। त्योहार पर विंध्याचल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में गंदगी को लेकर लोगों में नाराजगी है। व्यापारियों और निवासियों ने जिम्मेदार विभाग से तत्काल सफाई कराने और नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

    • 28 Aug 2026 03:43 PM (IST)

      Bareilly Live Update: रक्षाबंधन पर सफर की जंग, बस-ट्रेनों में ठसाठस भीड़

      बरेली में रक्षाबंधन पर यात्रियों की भारी भीड़ के चलते बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। महिलाओं के लिए निशुल्क रोडवेज यात्रा शुरू होने के बाद सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया। बस में सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की तक हुई। कई महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर घंटों बस का इंतजार करती नजर आईं। उधर, बरेली जंक्शन पर भी जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक यात्रियों से खचाखच भरे रहे। जगह न मिलने पर कई यात्री स्लीपर कोच में पहुंच गए और कुछ गेट पर खड़े होकर सफर करते दिखे। रेलवे और रोडवेज ने अतिरिक्त बसों, ट्रेनों और कोच की व्यवस्था की, लेकिन भीड़ के आगे इंतजाम नाकाफी नजर आए।

    • 28 Aug 2026 03:41 PM (IST)

      Bhadohi Live Update: 5 साल बाद भी नहीं चली बसें, ऑटो बना सहारा

      भदोही के औराई में करीब 232.30 लाख रुपये की लागत से बना उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग का बस स्टेशन पांच साल से अधिक समय बाद भी बसों का इंतजार कर रहा है। इसका लोकार्पण 31 दिसंबर 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। स्टेशन में विद्युतीकरण, इंडिकेटर और अन्य व्यवस्थाएं पूरी हैं, लेकिन बसों का नियमित संचालन नहीं हो रहा। यात्रियों को आवागमन के लिए ऑटो और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। परिसर में दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़े हैं और सुलभ शौचालय पर भी ताला लगा है। रक्षाबंधन पर महिलाओं की निशुल्क यात्रा की घोषणा के बावजूद यहां बसें न मिलने से लोगों में नाराजगी है।

    • 28 Aug 2026 03:40 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: लापता 15 साल की किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला

      हमीरपुर के सुमेरपुर कस्बे में गुरुवार शाम से लापता 15 वर्षीय किशोरी शिवानी का शव शुक्रवार सुबह बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि घर में विवाद के बाद शिवानी नाराज होकर चली गई थी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह कांशीराम कॉलोनी से करीब दो किलोमीटर दूर उसका शव मिला। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    • 28 Aug 2026 03:39 PM (IST)

      Amethi Live Update: अमेठी बस स्टॉप पहुंचे राजेश अग्रहरि

      अमेठी में रक्षाबंधन के पर्व पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राजेश अग्रहरि ने शुक्रवार को बस स्टॉप का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर बस सेवा और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। राजेश अग्रहरि ने सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की जानकारी भी दी। यात्रियों ने बस सेवा और निशुल्क यात्रा व्यवस्था की सराहना की। एक यात्री ने बताया कि सुल्तानपुर से यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा नहीं हुई।

    • 28 Aug 2026 03:38 PM (IST)

      Sonbhadra Live Update: जेल में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी

      सोनभद्र की जिला जेल गुरमा में भी रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जेल में निरुद्ध बंदियों से मिलने पहुंची बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस दौरान भाई-बहन के मिलन का भावुक नजारा देखने को मिला। राखी, तिलक और मिठाई के साथ जेल परिसर में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। त्योहार को लेकर बंदियों और उनके परिजनों में खासा उत्साह नजर आया। जेल परिसर में रिश्तों की भावनात्मक तस्वीर देखने को मिली।

       

    • 28 Aug 2026 03:37 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: मिर्जापुर में ब्रह्माकुमारीज ने मनाया रक्षाबंधन

      मिर्जापुर में रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के प्रभु उपहार भवन, शुक्लहा में आध्यात्मिक भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी और बहनों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, डीआईजी पूनम समेत वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को रक्षा सूत्र बांधा। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया। पांच दिवसीय रक्तदान महाअभियान में योगदान देने वाले रक्तवीरों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 116 वर्षीय दादाजी माता गुलाम उपाध्याय भी पहुंचे और रक्षा सूत्र बंधवाया।

    • 28 Aug 2026 03:34 PM (IST)

      Aligarh Live Update: AMU छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद

      अलीगढ़ में AMU के फॉरेन लैंग्वेज के छात्र कृष्णा शर्मा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। जम्मू-कश्मीर का रहने वाला कृष्णा सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक PG में रहता था। शुक्रवार को उसका शव कमरे में मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने खुद को ‘लूजर’ बताते हुए मम्मी-पापा और दीदी से माफी मांगी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सुसाइड नोट और छात्र की मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

    • 28 Aug 2026 03:30 PM (IST)

      Basti Live Update: 23 घंटे बाद कुआनो नदी से मिला युवक का शव

      बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी आदर्श यादव का शव करीब 23 घंटे बाद कुआनो नदी से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि आदर्श गुरुवार सुबह लाइब्रेरी जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह दो अन्य लोगों के साथ नदी किनारे गया था। काफी तलाश के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आदर्श की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    • 28 Aug 2026 03:29 PM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: फंदे पर लटकी मिली महिला, मायके-ससुराल पक्ष में हंगामा

      मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के रियावली नगला गांव में 30 वर्षीय शाहीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। शव उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

       

    • 28 Aug 2026 03:28 PM (IST)

      Bareilly Live Update: खेत गए किसान का पानी की टंकी के नीचे मिला शव

      बरेली के फतेगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में खेत गए किसान का शव पानी की टंकी के नीचे मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव मिलने की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना की परिस्थितियों का पता लगा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

    • 28 Aug 2026 03:27 PM (IST)

      Kanpur Live Update: बोरवेल में फंसी यशी की मौत

      कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के पुरवामीर गांव की 18 वर्षीय यशी की बोरवेल हादसे में मौत हो गई। यशी घर में बोरिंग कराई गई जगह पर बने सुरंगनुमा गड्ढे में करीब 20 फीट नीचे फंस गई थी। वह आठ घंटे से ज्यादा समय तक गड्ढे में फंसी रही। पुलिस और NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गड्ढे में ऑक्सीजन की पर्याप्त सप्लाई नहीं होने से उसकी हालत बिगड़ी। बाहर निकालने के समय उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी।

    • 28 Aug 2026 03:15 PM (IST)

      Hamirpur Live Update: जिला अस्पताल के रेस्ट रूम में नशेबाजी का वीडियो वायरल

      हमीरपुर जिला अस्पताल के रेस्ट रूम में नशेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में एक बाहरी युवक सरकारी कुर्सी पर पैर फैलाकर बैठा दिखाई दे रहा है। दावा है कि युवक के पास शराब और सिगरेट भी नजर आ रही है। वीडियो में एक सरकारी कर्मचारी की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है और युवक कौन है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

    • 28 Aug 2026 03:07 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: महराजगंज में तेज रफ्तार अर्टिगा से भिड़ी बाइक

      महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर NH-29 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरचिहा गांव के पास अर्टिगा कार और बाइक की टक्कर में 17 वर्षीय विकास चौहान की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक बाइक अचानक हाईवे पर आई थी।

    • 28 Aug 2026 02:38 PM (IST)

      Sitapur Live Update: रक्षाबंधन पर घर लौट रहे युवक की मौत

      सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र के सुक्खनपुरवा गांव निवासी 22 वर्षीय प्रताप राजपूत की सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रताप लखनऊ में नौकरी करता था और रक्षाबंधन पर परिवार से मिलने घर लौट रहा था। महमूदाबाद के पास दो ऑटो की आमने-सामने टक्कर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रताप की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। त्योहार पर उसके घर आने का इंतजार कर रही पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

       

    • 28 Aug 2026 01:56 PM (IST)

      Lakhimpur Live Update: लखीमपुर में बस ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला

      लखीमपुर के शारदानगर क्षेत्र के पतरासी में तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तिकुनिया की ओर से तेज रफ्तार बस आ रही थी, तभी उसने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक और बस की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

    • 28 Aug 2026 01:55 PM (IST)

      Agra Live Update: आगरा में सड़क हादसा, पिता-पुत्र की मौत

      आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पिता-पुत्र जूता फैक्ट्री में काम करते थे और किसी काम से स्कूटी से जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    • 28 Aug 2026 01:28 PM (IST)

      Kanpur Live Update: कानपुर में बोरवेल में फंसी 18 साल की युवती

      कानपुर में घर के आंगन में बने बोरवेल में 18 वर्षीय युवती यशी के फंसने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यशी सुबह करीब 7 बजे से 20 फीट नीचे सुरंगनुमा गड्ढे में फंसी हुई है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस और NDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। युवती तक पहुंचने के लिए मकान का अगला हिस्सा भी तोड़ा गया है। इसके अलावा बोरवेल से करीब 10 मीटर दूर गड्ढा खोदकर रेस्क्यू का रास्ता बनाया जा रहा है। परिवार और स्थानीय लोग युवती के सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

       

    • 28 Aug 2026 01:26 PM (IST)

      Lucknow Live Update: रिंग रोड पर नाले में मिला शव

      लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर नाले में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव BRIGHT FOUR WHEELS के सामने नाले में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।

    • 28 Aug 2026 01:23 PM (IST)

      Sambhal Live Update: सरकारी नल को लेकर मारपीट, दबंग ने लहराई तलवार

      संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र के भवन गांव में खराब पड़े सरकारी नल को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि तीन दबंग भाइयों ने एक युवक के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने तलवार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सरकारी नल काफी समय से खराब पड़ा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    • 28 Aug 2026 01:22 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: महराजगंज में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

      महराजगंज में एक छात्रा ने गांव के युवक पर लंबे समय से छेड़छाड़ करने, रास्ता रोकने और घर में घुसकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने छात्रा पर फोन करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर चार थप्पड़ मारे। कथित उत्पीड़न से परेशान छात्रा ने कॉलेज जाना तक बंद कर दिया। मामले में 1090 पर शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    • 28 Aug 2026 01:09 PM (IST)

      Sitapur Live Update: तेज बारिश में 3 फीट कटी पोस्टमार्टम हाउस की सड़क

      सीतापुर में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद पोस्टमार्टम हाउस जाने वाली सड़क करीब तीन फीट तक कट गई। पानी के तेज बहाव में सड़क की मिट्टी बहने से आवागमन मुश्किल हो गया। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में परेशानी हुई, जबकि लोगों को खेतों के रास्ते वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। बारिश के बाद सड़क कटने से जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।

    • 28 Aug 2026 01:07 PM (IST)

      Bareilly Live Update: जिला अस्पताल में मासूम को छोड़कर मां फरार

      बरेली के जिला अस्पताल में एक महिला अपने मासूम बच्चे को छोड़कर फरार हो गई। बताया जा रहा है कि महिला दो बच्चों के साथ अस्पताल आई थी, लेकिन एक बच्चे को वहीं छोड़कर चली गई। मां के चले जाने के बाद भूखा-प्यासा मासूम घंटों अस्पताल में रोता रहा। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्चे की मां की तलाश में जुटी है।

    • 28 Aug 2026 12:57 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: नारायणी नदी में मिले 4 शव

      महराजगंज में नारायणी नदी में चार शव उतराते हुए मिलने से हड़कंप मच गया। राहत और बचाव टीम ने नदी से सभी शवों को बाहर निकाला। बरामद शवों में तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि ये शव नेपाल में आई तबाही के दौरान लापता हुए लोगों के हो सकते हैं। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने नेपाल सरकार से संपर्क किया है। शवों की शिनाख्त के लिए प्रशासन की ओर से तस्वीरें नेपाल भेजी गई हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    • 28 Aug 2026 12:26 PM (IST)

      Saharanpur News: मैरिज सर्टिफिकेट के लिए पंडित-मौलवी को ढूंढ रहे दंपती

      सहारनपुर में वर्षों पुरानी शादियों का पंजीकरण कराने पहुंचे दंपतियों के सामने अजीबो-गरीब समस्या खड़ी हो गई है। शादी कराने वाले पंडित, मौलवी या फादर की तलाश में लोग दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। किसी के पंडित जी का निधन हो चुका है, तो किसी मौलवी का पता नहीं मिल रहा और कुछ शादी कराने वाले शहर ही छोड़ चुके हैं।

      दरअसल, जून 2025 में विवाह पंजीकरण नियमों में बदलाव कर विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्ति की गवाही अनिवार्य कर दी गई थी। हालांकि, 5 से 15 साल पहले शादी कर चुके लोगों के लिए शासन ने अभिभावकों या सगे-संबंधियों की गवाही और वीडियो साक्ष्यों जैसे वैकल्पिक इंतजाम भी किए हैं।

    • 28 Aug 2026 12:06 PM (IST)

      Maharajganj News: जिला अस्पताल में नेपाली शवों की शिनाख्त का इंतजार

      महराजगंज: नेपाल में त्रिशूली नदी में भूस्खलन और उसके बाद आई भीषण बाढ़ की त्रासदी का असर अब भारत-नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल में आपदा के तीसरे दिन भी हालात बेहद भयावह बने हुए हैं। इसी बीच देर रात गंडक नदी में नेपाल की ओर से पानी के तेज बहाव के साथ चार शव बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंचने से हड़कंप मच गया।

      बरामद शवों की हालत बेहद खराब और क्षत-विक्षत बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी शवों को कब्जे में लेकर महराजगंज जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।

    • 28 Aug 2026 11:24 AM (IST)

      Ayodhya News: हिस्ट्रीशीटर हत्या मामले में हेड कांस्टेबल सस्पेंड

      अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में 25 अगस्त को बमबाजी व गोलीबारी कर हिस्ट्रीशीटर राम लगन मौर्य की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पूराकलंदर थाने के हेड कांस्टेबल अशोक सिंह को सस्पेंड कर दिया है।

      मामले में राजमणि सिंह समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद अब तक किसी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ और दबिश दे रही है।

    • 28 Aug 2026 11:19 AM (IST)

      Mirzapur News: रक्षाबंधन पर बदायूं जिला कारागार में कैदियों को बहनों ने बांधी राखी

      उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला कारागार में रक्षाबंधन का पर्व अत्यंत धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर दूर-दराज से आई बहनों ने जेल में बंद अपने कैदी भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और बेहतर भविष्य की कामना की।

      जेल प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर बहनों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बहनों को मिष्ठान, राखी, रोली और चावल के साथ क्रमबद्ध तरीके से मिलने की सुविधा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कारागार परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बहनों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है।

    • 28 Aug 2026 11:16 AM (IST)

      Mirzapur News: अहरौरा पुलिस मुठभेड़ में शातिर लुटेरा घायल

      मिर्जापुर के थाना अहरौरा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के वांछित शातिर अपराधी जावेद (23 वर्ष) पुत्र इस्लाम को गिरफ्तार किया है। 27 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुरभी शोध संस्थान के पास घेराबंदी की।

      खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस, 5300 नगद रुपये और वादी का आधार कार्ड बरामद किया है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए पीएचसी अहरौरा भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति सामान्य है।

    • 28 Aug 2026 11:11 AM (IST)

      Muzaffarnagar News: यूपी पुलिस में भर्ती के नाम पर 3 लाख की ठगी का आरोप

      मुजफ्फरनगर में यूपी पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप सामने आया है। दिल्ली निवासी अफसर ने एसएसपी मुजफ्फरनगर को शिकायत देकर कसेरवा निवासी काला उर्फ ताहिर पर अपने भांजे की यूपी पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 3 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है।

Location :  Lucknow

Published :  28 August 2026, 8:01 AM IST