महराजगंज में कोटेदार पर गिरेगी गाज, गड़ौरा राशन दुकान में धांधली की खुली पोल, विभागीय रिपोर्ट से हड़कंप

महराजगंज में तहसील दिवस पर मिली एक शिकायत की जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आईं, राशन डीलर के स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए, सप्लाई इंस्पेक्टर ने विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 20 June 2026, 6:36 PM IST

Maharajganj: महराजगंज निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत गड़ौरा स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के संचालक दीपक कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राशन वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायत की जांच में कमियां पाए जाने के बाद विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

राशन वितरण प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ी

जानकारी के अनुसार, ग्राम गड़ौरा निवासी एवं अंत्योदय कार्डधारक दयाशंकर ने तहसील दिवस में पहुंचकर कोटेदार दीपक कुमार के खिलाफ राशन वितरण में धांधली और अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है।

वितरण व्यवस्था का किया गया परीक्षण

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह पटेल को सौंपी। जांच के दौरान सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के अभिलेखों और वितरण व्यवस्था का परीक्षण किया गया। जांच में कई बिंदुओं पर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।

Maharajganj: फरेंदा में आखिर किसकी लापरवाही से बिगड़ी प्रसूता की हालत? जांच में खुलेंगे राज

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, कोटेदार द्वारा प्रस्तुत जवाब का परीक्षण किया गया, लेकिन उसका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित उच्चाधिकारियों को भेज दी है और कोटेदार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।

आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह पटेल ने बताया कि जांच के दौरान मिली कमियों तथा नोटिस के असंतोषजनक जवाब के आधार पर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। अब अंतिम निर्णय सक्षम अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट के परीक्षण के बाद लिया जाएगा।

दोषियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई

उधर, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिकायतें सही पाई गई हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। वहीं शिकायतकर्ता दयाशंकर ने भी प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

Location :  Maharajganj

Published :  20 June 2026, 6:36 PM IST