हंसिया थामकर खेत में उतरे डीएम शिवशरणप्पा जी.एन., खुद काटा धान, किसानों को MSP पर बिक्री की दी सलाह

महराजगंज के नए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. धान की फसल की वास्तविक उत्पादकता परखने के लिए बुधवार को खुद खेत में उतर गए। तहसील सदर के राजस्व ग्राम कृतपिपरा में क्रॉप कटिंग के स्थलीय निरीक्षण के दौरान डीएम ने पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 5:19 PM IST

Maharajganj: उत्तरप्रदेश के महराजगंज जिले के कृतपिपरा गांव में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने धान की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया है, जहां वे एक ग्राम निवासी के खेत में खुद हंसिया चलाकर धान काटटे दिखे और बाद में उस धन की तौल भी कराई। 43.33 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 21.025 किलोग्राम धान की उपज मिली। इस आधार पर उत्पादकता 48.55 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। डीएम ने किसानों से बिचौलियों के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने और पराली नहीं जलाने की अपील की।

क्रॉप कटिंग के स्थलीय निरीक्षण के दौरान डीएम ने पूरी प्रक्रिया को करीब से देखाIMG-DYNAMITE NEWS)

खेत में हंसिया लेकर उतरे डीएम ने काटी धान की फसल

दरसअल, हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद शिवशरणप्पा जी.एन. को महराजगंज जिले के नए जिलाधिकारी (DM)के रूप में नियुक्त किया गया है, जहां धान की फसल की वास्तविक उत्पादकता परखने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. खुद खेत में उतर गए। तहसील सदर के राजस्व ग्राम कृतपिपरा में क्रॉप कटिंग के स्थलीय निरीक्षण के दौरान डीएम ने न सिर्फ पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा, बल्कि इसके साथ ही वे स्वयं भी हंसिया थामकर धान की कटाई करने लगे। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान को तौला कर उत्पादकता का आकलन किया गया।

क्रॉप कटिंग ग्राम निवासी जगदीश के खेत में गाटा संख्या-62 पर कराई गई। इसके लिए निर्धारित 43.33 वर्गमीटर क्षेत्रफल का समबाहु त्रिभुज (10×10×10 मीटर) लिया गया। कटाई के बाद उपज की तौल की गई, जिसमें कुल 21.025 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर औसत उत्पादकता 48.55 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के जरिए फसलों की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। साथ ही फसल बीमा सहित किसानों को मिलने वाले विभिन्न लाभों के निर्धारण में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रॉप कटिंग की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।

यह भी पढ़े- Up Top 10 News: अखिलेश के रोड शो से लेकर योगी आदित्यनाथ के बड़े दावे तक, देखिये यूपी की 10 बड़ी खबरें

सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचें किसान, मिलेगा MSP का लाभ

डीएम ने किसानों को धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार धान ए ग्रेड का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति कुंतल और सामान्य धान का 2441 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज बिचौलियों के हाथों बेचने के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर बिक्री करें, ताकि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि किसानों की सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान हेल्पलाइन नंबर 1800-1800-150 और 7839565009 पर सूचना दे सकते हैं।

यह भी पढ़े- थानेदार के चैंबर के बाहर गूंजी चीखें और बरसी लाठियां, देवरिया के भटनी थाने में क्यों बेरहमी से पीटा गया युवक?

पराली जलाने वालों से डीएम की विशेष अपील

जिलाधिकारी ने किसानों से फसल अवशेषों और पराली को खेतों में नहीं जलाने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। इसके साथ ही पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचता है। किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करना चाहिए और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग कार्य की नियमित निगरानी करने तथा किसानों को सरकारी योजनाओं और फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर शिवम कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  18 November 2026, 5:19 PM IST