हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
चंदौली से सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में राम कथा के आयोजनों का प्रचलन काफी बढ़ा है। ओदरा गांव के दसवीं तालाब पर चल रही कथा में उन्होंने सनातन परंपरा को विश्व कल्याण और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला बताया। साथ ही, विशेश्वर धाम के भव्य मंदिर और तालाब के विकास मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने की बात कही। आगामी विधानसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार है और सरकार चलती रहेगी।
कासगंज के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 20 मतदेय स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। स्नातक सीट पर भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं, जबकि शिक्षक सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में आज का मतदान प्रत्याशियों के साथ दोनों प्रमुख दलों की सियासी ताकत का भी इम्तिहान है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार सुबह आठ बजे फरेंदा ब्लॉक में मतदान शुरू हो गया। मतदान के लिए कुल 402 मतदाता निर्धारित हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुबह आठ बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मतदान केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में चुनाव कराया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मतदान केंद्र पर मुस्तैद रहकर व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी 72 जनपदों में मतदान कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी हैं।
कासगंज मनरेगा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। पटियाली विकास खंड की पांच ग्राम पंचायतों में कराए गए सात विकास कार्यों की जांच में 12.43 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताएं पकड़ी गई हैं। कहीं नाला और बाउंड्रीवाल मौके पर नहीं मिले तो कहीं इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कागजों में ही सिमटा मिला। एक मामले में खड़ंजे के निर्माण के लिए जरूरत से अधिक ईंटों का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित कार्य अधूरा मिला। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जिम्मेदार ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और तकनीकी अधिकारियों-कर्मचारियों से समानुपातिक रूप से धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं।
देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के नरायनपुर तिवारी गांव में मारपीट और अवैध असलहे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, एक चाकू और एक पंच बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नरायनपुर तिवारी निवासी अजय चौहान ने यूपी-112 के माध्यम से सूचना दी थी कि कुशीनगर निवासी मुकेश चौहान अपने भाई और अन्य दोस्तों के साथ गांव में आकर मारपीट कर रहा है।
Location : Lucknow
Published : 23 October 2026, 11:46 AM IST
Topics : UP Live Blog UP Breaking News UP Crime News Uttar Pradesh Latest Updates Uttar Pradesh News