Amethi Accident: पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर हादसा, दो युवकों की जान गई, चालक फरार

अमेठी के लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के करीब 12 घंटे बाद भी वाहन का सुराग नहीं मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच कर रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 October 2026, 11:16 AM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाराबंकी से प्रतापगढ़ जा रहे थे, तभी कादूनाला पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर आगे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के करीब 12 घंटे बाद भी पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं कर सकी है।

पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा, बाइक सवारों ने तोड़ा दम

यह हादसा अमेठी जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ। मृतकों की पहचान रोहित उर्फ खुन खुन (25), पुत्र रामलाल पासी, निवासी जमुआ गांव, थाना घुंघटेर, बाराबंकी और बृजेश (22), पुत्र भोदू पासी, निवासी अटहरा गांव, थाना घुंघटेर, बाराबंकी के रूप में हुई है।

दोनों युवक बाइक से प्रतापगढ़ जा रहे थे, जहां वे एक मुर्गी फार्म में काम करते थे। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे अज्ञात वाहन की तलाश

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक के फरार होने से उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन का पता लगाने में जुटी है।

भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजेंद्र पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उनके मुताबिक, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

12 घंटे बाद भी वाहन का पता नहीं

हादसे के कई घंटे बीत जाने के बाद भी टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन और उसके चालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान पुलिस को कोई ऐसा सुराग मिलता है या नहीं, जिससे हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।

Location :  New Delhi

Published :  23 October 2026, 11:16 AM IST

Advertisement