
बिग ब्रेकिंग (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बड़ी खबरों के त्वरित अपडेट के लिए जाना जाता है। उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 23 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की हर जरूरी खबर का एक साथ अपडेट लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ सकती हैं। कहीं बारिश और मौसम का बदला मिजाज लोगों की चिंता बढ़ा सकता है तो कहीं अपराध और प्रशासन से जुड़े मामलों में नए अपडेट सामने आ सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों पर भी आज नजर बनी रहेगी।
ऐसे में अलग-अलग खबरों को खोजने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह मिलती रहेगी।
लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के अन्य जिलों की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे। मौसम का नया अलर्ट हो, कोई बड़ा हादसा, अपराध की खबर, प्रशासनिक कार्रवाई, ट्रैफिक अपडेट या सियासी हलचल- हर जरूरी खबर पर हमारी नजर रहेगी।
23 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और जनसरोकार से जुड़ी हर बड़ी खबर की पल-पल की अपडेट। घटनाक्रम बदलने के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा।
झांसी में मोबाइल गुम होने की शिकायतों को पुलिस ने अब हल्के में लेना बंद कर दिया है। थानों में दर्ज हो रही गुमशुदगी की शिकायतों पर एसएसपी विकास कुमार ने स्वाट और सर्वेलेंस टीम को लगाया और शुरू हुआ ऐसा अभियान, जिसने मोबाइल खोने वाले लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से 204 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 39 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
आजमगढ़ में शाश्वतम त्रिकोणीय राज्यस्तरीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। लाइफ लाइन इंस्टिट्यूट, समेदा के सहयोग से होने वाले इस टूर्नामेंट में समावेशी खेल और दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले का प्रदर्शन होगा। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड टीम की कमान बैंक अधिकारी शौकत अली संभालेंगे।
सुलतानपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट गेट के सामने बुधवार को सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक ने महिला को कुचल दिया और वाहन समेत तिकुनिया पार्क चौराहे की ओर फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में विभिन्न निधियों से कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सांसद निधि, पूर्वांचल विकास निधि और त्वरित विकास निधि से संचालित परियोजनाओं की विभागवार प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान सांसद निधि के कार्यों में लापरवाही सामने आने पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और विद्युत खंड के अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सुलतानपुर। प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का बुधवार को शुभारम्भ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से बटन दबाकर योजना का शुभारम्भ किया। सुलतानपुर में जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इसका सजीव प्रसारण एलईडी के माध्यम से देखा और सुना गया।
मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र से महिलाओं के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में कुछ पुरुष महिलाओं के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद खालापार पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मामला एक घर के अंदर पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें कुछ पुरुषों द्वारा महिलाओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड स्थित SD मैनेजमेंट कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के व्यवहार को लेकर छात्रों में नाराजगी सामने आई है। छात्र के साथ कथित अभद्रता के विरोध में छात्र नेता विशु मलिक ने कॉलेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया और आरोपी सुरक्षा गार्ड को ड्यूटी से हटाने की मांग की।
प्रतापगढ़ में अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज और विभागीय अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में नेताओं ने आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। कांग्रेस ने एक सप्ताह में व्यवस्था सुधार नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
कानपुर नगर को नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को कानपुर पहुंचकर जिले के 59वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कोषागार में औपचारिक रूप से चार्ज लेने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और अलग-अलग विभागों में चल रहे कामकाज की जानकारी ली।
प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 16 वर्षीय इंटर के छात्र नितीश कश्यप की मौत हो गई। हादसा घुइसरनाथ रोड पर फौजी ढाबा के पास हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बुधवार को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों CHO व आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह का आयोजन 11 बजे से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी रहे।
शिविर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाते हुए कई लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले डोनर्स में अमरनाथ, राहुल गुप्ता, मधुसूदन मसीह, विशाल निगम, राजू चौरसिया, रीमा देवी, कृष्णा प्रताप गिरी, सूर्यकांत उपाध्याय, नवीन कुमार और रीना देवी शामिल रहे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवा परिसर में शिक्षा उन्नयन गोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों को मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंट कर उनकी दीर्घकालिक सेवाओं को नमन किया गया।
महराजगंज सदर ब्लॉक क्षेत्र में पीईडी राज्य मार्ग पर झाड़ियों की सफाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बरवा राजा से झनझनपुर चौराहा और बागापार से रामपुर तक चल रहे सफाई कार्य में कई जगह अधूरा काम छोड़ने का आरोप है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जांच, सफाई कार्य पूरा कराने और भुगतान प्रक्रिया की निगरानी की मांग की है।
बरेली सिविल लाइंस में रहने वाले बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 12 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पड़ोसी कॉलोनी में गार्ड की नौकरी करने वाले युवक ने उनके मोबाइल से सिम निकालकर बैंक खाते पर यूपीआई सेवा सक्रिय कर ली। इसके बाद फोन पे के जरिए रुपये ट्रांसफर करता रहा। वर्ष 2025 में हुई इस ठगी का पता बुजुर्ग को जुलाई 2026 में चला। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी सचिन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
बरेली परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए छोटी सी दुकान चलाने वाला युवक स्मैक के धंधे में उतर गया। फरीदपुर थाना पुलिस ने बीसलपुर अंडरपास के पास देर रात उसे गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी आर्थिक स्थिति और परिवार के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाथरस। यूटा की जिला इकाई के नेतृत्व में विकासखंड सिकंद्राराऊ की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार पुंढीर की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री हरि सिंह के निर्देशन में संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में नरेंद्र चौधरी, विनीत कुमार और योगेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
अमेठी। सुनने और बोलने में असमर्थ लोगों के लिए अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाना कई बार बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी संवाद की बाधा को दूर करने के लिए अमेठी पुलिस ने बड़ी पहल की है। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर नवीन पुलिस लाइंस में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक से लेकर थाना प्रभारियों और अन्य पुलिसकर्मियों को भारतीय सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया गया। अब पुलिसकर्मी सांकेतिक भाषा के जरिए ऐसे फरियादियों की बात सीधे समझने और उनकी समस्याओं के प्रभावी निस्तारण की दिशा में काम कर सकेंगे।
मिर्जापुर। सड़क की बदहाली से आजिज आकर दलित बस्ती में शुरू हुई भूख हड़ताल 30 घंटे बाद बुधवार को समाप्त हो गई। उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे और अनशनकारियों को कोल्ड्रिंक पिलाई व मिठाई खिलाकर अनशन तुड़वाया। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाया कि जिले में आचार संहिता लागू है, इसलिए तत्काल निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकता। आचार संहिता हटते ही डेढ़ किलोमीटर की इस सड़क की मरम्मत प्राथमिकता पर करा दी जाएगी। इस आश्वासन पर अनशनकारी मान गए।
मिर्जापुर के कछवां थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वकील बनवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धारा बढ़ाई गई और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
अमेठी के नवागत जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के बजाय मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवा और सुविधाओं की जानकारी ली। एक मरीज की इंडियन टॉयलेट की समस्या पर डीएम ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
अमेठी पुलिस लाइंस में भारतीय सांकेतिक भाषा पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। ऑल उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ द डेफ के विशेषज्ञों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला का उद्देश्य श्रवण एवं वाक् बाधित लोगों की शिकायतों को समझने और उनके साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने की पुलिस क्षमता बढ़ाना रहा।
मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला सहकारी बैंक सभागार में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों ने योजना के तहत 5 लाभार्थियों को ऋण चेक वितरित किए। योजना के तहत किसानों को 6 लाख रुपये तक ऋण सुविधा मिलेगी।
कानपुर। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। बीते दिनों लखनऊ से आई खाद्य विभाग की 38 टीमों ने अलग-अलग इलाकों में 52 फास्ट फूड रिटेल चेन और रेस्टोरेंट यूनिट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। नियमों का पालन नहीं मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया, जबकि कुछ के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
सीतापुर में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान श्रद्धा के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के एक युवक पर प्रेम प्रसंग में उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया के बरियारपुर थाना पुलिस ने बकरी चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो बकरियां और घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने राउतपार से बकरियां चोरी करने की बात कबूली है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीतापुर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में तेज बारिश के दौरान गणेश पूजा पंडाल का तिरपाल पानी के भार से गिर गया। हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि उपचार के दौरान 58 वर्षीय उमा कपूर की मौत हो गई। सूचना पर डीएम, एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
देवरिया के रामपुर कारखाना ब्लॉक क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो सरकारी दावों पर सवाल खड़े करती है। सरौरा गांव स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को डॉक्टर की जगह लैब टेक्नीशियन के भरोसे इलाज मिलता नजर आया। हमारी टीम जब अस्पताल पहुंची तो मौके पर डॉक्टर और फार्मासिस्ट मौजूद नहीं मिले, जबकि एक एएनएम अपने कक्ष में और लैब टेक्नीशियन अपने कमरे में मौजूद मिला। अस्पताल में मरीज आते-जाते रहे, लेकिन चिकित्सकीय व्यवस्था जिम्मेदार कर्मचारियों की गैरमौजूदगी में चलती नजर आई।
हाथरस। लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का बुधवार को शुभारंभ हुआ। अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से योजना के पोर्टल का बटन दबाकर शुभारंभ किया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
हाथरस। नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के बाद बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न कार्यालयों और राजस्व संबंधी पटल कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और पटल सहायकों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी ली।
हाथरस। जनपद के नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार को ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंदिर के पुजारी ने जिलाधिकारी को मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व, परंपराओं और मान्यताओं की जानकारी दी।
कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के बहबलपुर में वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। शौचालय में कथित तौर पर गोला-बारूद और आतिशबाजी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आतिशबाजी बनाते समय हुए विस्फोट में बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
कानपुर। दिल्ली के भगीरथ पैलेस स्थित दवा बाजार में नकली एंटी रेबीज वैक्सीन की संदिग्ध खेप को लेकर हुई ड्रग विभाग की कार्रवाई के बाद अब इसका कनेक्शन कानपुर से आना बताया जा रहा है। मामले में कानपुर की एक फर्म से वैक्सीन की सप्लाई और बिलिंग से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद जांच तेज हो गई है। ड्रग विभाग की टीम ने संबंधित स्थान पर छापेमारी कर करीब 481 एंटी रेबीज वैक्सीन बरामद की हैं।
बलिया। बांसडीह थाना क्षेत्र में DSLR कैमरा लूट की दो घटनाओं का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। थाना बांसडीह पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे और निशानदेही पर लूटे गए तीन DSLR कैमरे तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
देवरिया में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए देवरिया यातायात पुलिस ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बदायूं की सहसवान तहसील में कथित फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों से जमीनों के बैनामे कराने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में तत्कालीन तहसीलदार, नायब तहसीलदार और लेखपाल भी शामिल हैं। न्यायालय के आदेश पर दर्ज FIR के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज। प्रदेशव्यापी चार सूत्रीय मांगों के समर्थन में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने आम सभा की बैठक कर अधिवक्ताओं के अधिकारों और वादकारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया। अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा और प्रभारी महामंत्री रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित बैठक में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने, एडवोकेट एक्ट में प्रस्तावित संशोधन समेत विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद जिला जज अरविन्द मलिक को मांगपत्र सौंपा गया।
मुजफ्फरनगर में दो शातिर चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। आरोपियों ने बैंक ऑफ इंडिया के केंद्र की दिन में रैकी की। इसके बाद रात में लकड़ी से बनी एटीएम की दीवार तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चोरों की रैकी और वारदात की तस्वीरें ग्राहक सेवा केंद्र में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं।
महराजगंज में फरेंदा रोड स्थित उद्योग चौराहे के पास सड़क पर खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से तेज धुआं उठने लगा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कार धूप में खड़ी बताई जा रही थी। हालांकि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। तकनीकी खराबी समेत अन्य कारणों की जांच की जा रही है।
महराजगंज में प्रदेशव्यापी चार सूत्रीय मांगों के समर्थन में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने आम सभा की बैठक की। अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा और प्रभारी महामंत्री रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने और एडवोकेट एक्ट में प्रस्तावित संशोधन समेत अन्य मांगों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद जिला जज अरविंद मलिक को मांगपत्र सौंपा गया।
बदायूं की सहसवान तहसील में फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन के बैनामे कराने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर सहसवान पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें तत्कालीन तहसीलदार, नायब तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
सीतापुर में परिषदीय विद्यालयों में फर्जी शैक्षिक अभिलेख और प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करने के मामलों ने बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे मामलों में नोटिस, जांच और सेवा समाप्ति की कार्रवाई हो रही है। लेकिन वर्षों में लिया गया लाखों रुपये का वेतन कब और कैसे वसूला जाएगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
अमेठी पुलिस ने पाली जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 निर्मित और पांच अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र बरामद किए गए। मौके से चार जिंदा और दो खोखा कारतूस सहित हथियार बनाने के उपकरण भी मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लखनऊ में रहते हैं और आसपास के जिलों में हथियार बेचते थे।
सुल्तानपुर विधानसभा सीट पर अनूप संडा और सोनू सिंह जैसे संभावित नामों की चर्चा के बीच टिकट चयन अहम माना जा रहा है। बसपा ने इसौली, लंभुआ और सुल्तानपुर सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इससे जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। बसपा के प्रदर्शन पर घोषित प्रत्याशियों के संगठन, सामाजिक आधार और मतदाताओं के बीच प्रभाव की भूमिका अहम होगी।
सुल्तानपुर में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। भाजपा के सामने जिले में पकड़ बनाए रखने की चुनौती है, जबकि सपा पिछले चुनावी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने और सत्ता विरोधी मुद्दों को चुनावी विमर्श में लाने की तैयारी में है। बसपा ने कुछ सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर मुकाबले की दिशा स्पष्ट की है। कांग्रेस संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा रही है।
देवरिया के लार नगर में मंगलवार देर शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। सेंट्रल बैंक के समीप स्थित कैंप कार्यालय में ब्लॉक अध्यक्ष वजीर अहमद के नेतृत्व में बैठक हुई। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और गांव-गांव तक पार्टी की गतिविधियां पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। संगठन विस्तार की रणनीति पर भी विचार हुआ।
देवरिया में तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की बैठक बुधवार को बार भवन में आयोजित हुई। बैठक में कानपुर बार एसोसिएशन और दि लॉयर्स एसोसिएशन के अधिवेशन में पारित 11 सूत्री मांगों पर चर्चा की गई। इसके बाद अधिवक्ताओं ने मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाई।
देवरिया में 27 वर्षीय दिव्यांग युवक विनय मौर्य इलाज की उम्मीद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। रामपुर कारखाना क्षेत्र के बरनहीं निवासी विनय ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। विनय का कहना है कि दिव्यांग होने के कारण उसे चलने-फिरने में परेशानी होती है और इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने बीजेपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने के दावे वाले सर्वे पर निशाना साधा। उन्होंने इसे बीजेपी का प्रायोजित सर्वे बताते हुए कहा कि जनता के पोल और प्रायोजित पोल में अंतर होता है। राजभर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा और एग्जिट पोल फेल साबित होंगे।
देवरिया के बरहज क्षेत्र के कोटवा टोला रामपुर गांव में रास्ते की बदहाली और कथित अवरोध की शिकायत लेकर दर्जनों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कच्चे मार्ग को खड़ंजा कराने की मांग की। उनका कहना है कि बरसात में पोखरी का पानी भरने से रास्ते पर कीचड़ और जलभराव हो जाता है, जिससे बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।
हाथरस के सासनी क्षेत्र में 17 वर्षीय मधु की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। घर की अलमारी से मिली नोटबुक में कथित सुसाइड नोट मिलने पर पांच लोगों के नाम सामने आए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। परिजनों के मुताबिक, मधु अक्सर बीमार रहती थी।
Location : Lucknow
Published : 23 September 2026, 10:12 AM IST
Topics : UP Big News UP Breaking News UP Crime News UP News