Kanpur Dehat News: अन्नदाताओं का अनोखा विरोध, आवारा मवेशियों से तंग आकर ग्रामीणों ने पंचायत सचिवालय में बंद किए पशु

कानपुर देहात के झींझक ब्लॉक स्थित किशौरा गांव में आवारा मवेशियों के आतंक से त्रस्त ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए ग्राम पंचायत सचिवालय में दो दर्जन से अधिक मवेशियों को बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मवेशी फसलें बर्बाद कर रहे हैं और सांड के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल भी हो चुका है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 12:45 PM IST

Kanpur Dehat: कानपुर देहात के झींझक ब्लॉक क्षेत्र के किशौरा गांव में आवारा मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत सचिवालय में दो दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा मवेशी लगातार खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इससे किसानों को दिन-रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है।

शुक्रवार से मवेशियों को पकड़कर सचिवालय में कर रहे बंद

ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार से किसानों ने आवारा मवेशियों को खदेड़कर ग्राम पंचायत सचिवालय में बंद करना शुरू किया। शनिवार को भी ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में मवेशियों को पकड़कर सचिवालय परिसर में बंद किया। ग्रामीणों का कहना है कि फसलों को बचाने के लिए किसान रात-दिन खेतों में डटे रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद मवेशियों के झुंड खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Kanpur Dehat News: सड़क पर टक्कर का बहाना, फिर तमंचे के दम पर 18 हजार की वसूली! एक आरोपी गिरफ्तार

चार महीने पहले सांड के हमले में घायल हुआ था ग्रामीण

आवारा पशुओं के झुंड से तबाह हो रही किसानों की मेहनत (Img: Dynamite News)

ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार माह पूर्व गांव निवासी रविकांत पुत्र बाबूलाल प्रजापति पर एक आवारा सांड ने हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका कानपुर के अस्पताल में इलाज कराया गया था। इसके बावजूद गांव में आवारा मवेशियों की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की सूचना झींझक ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। न ही मवेशियों को पकड़ने के लिए कैटल कैचर भेजा गया है। इससे ग्रामीणों में रोष है।

Kanpur Dehat: रोशनी से जगमगाया मां का दरबार, जयकारों और भजनों से गूंज उठा झींझक

गोशाला भेजने की मांग

विमल त्रिपाठी, अरुणेश शुक्ला, मनीष तिवारी, सुनीत सिंह, रवि पाल, रामकुमार पाल, अशोक यादव, बउआ यादव, सोनू दीक्षित, किशन तिवारी, आशुतोष द्विवेदी समेत तमाम ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा मवेशियों को पकड़वाकर गोशाला भेजने और किसानों की फसलों को बचाने की मांग की है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  31 October 2026, 12:45 PM IST