
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के कोहरी बुजुर्ग गांव में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के पुलिस के प्रयासों के बीच चोरों ने एक खाली मकान को निशाना बनाया है। बीते रविवार की रात अज्ञात चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, करीब 20 ग्राम सोने के जेवर और एक पाव चांदी की पायल लेकर फरार हो गए। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया।
बता दें कि जानकारी के अनुसार, कोहरी बुजुर्ग निवासी हेवंती देवी पत्नी अनिरुद्ध यादव किसी कार्य से घर में ताला बंद करके बाहर गई थीं। इसी दौरान 1 नवंबर की रात चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- आजम खान की गिरफ्तारी पर श्याम लाल पाल का बड़ा बयान, बोले- सरकार बदलने पर ही मिलेगा न्याय
सोमवार की सुबह पड़ोसियों की नजर मकान के खुले मुख्य दरवाजे पर पड़ी। तब अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना हेवंती देवी को दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचीं। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखा सारा सामान गायब हो चुका था। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था। चोरी का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़िता के मुताबिक, चोर घर में रखे 20 हजार रुपये नकद, करीब 20 ग्राम सोने के जेवरात और एक पाव चांदी की पायल चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़िता ने गोला थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में गोला पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना का शीघ्र खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
Location : गोरखपुर
Published : 2 November 2026, 5:45 PM IST