RE-NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर आज बदला शहर का रूट, घर से निकलने से पहले देखें डायवर्जन प्लान

गोरखपुर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित RE-NEET (UG)-2026 परीक्षा के मद्देनजर 21 जून को शहर में विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई रूट डायवर्ट किए हैं, दोपहर की नो-एंट्री छूट को रद्द किया है और छह प्रमुख पार्किंग स्थल बनाए हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 21 June 2026, 11:32 AM IST

Gorakhpur: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित RE-NEET (UG)-2026 परीक्षा के मद्देनजर 21 जून को गोरखपुर शहर में विशेष यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक समय से और बिना किसी परेशानी के पहुंचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की है।

परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण

यातायात विभाग के अनुसार, परीक्षा के दौरान शहर में वाहनों का दबाव कम रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कई मार्गों पर अस्थायी डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।

NEET Re-Exam 2026: पेपर लीक के साए के बाद NTA का सुरक्षा चक्रव्यूह, 22 लाख छात्र देंगे परीक्षा

भारी वाहनों की नो-एंट्री में नहीं मिलेगी छूट

सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत भारी वाहनों के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खुलने वाली नियमित नो-एंट्री 21 जून को नहीं खोली जाएगी। इससे परीक्षा अवधि के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

वहीं, रेलवे और रोडवेज बस डिपो से लखनऊ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें आवश्यकता पड़ने पर विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, पैडलेगंज और टीपी नगर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।

ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन में बदलाव

यातायात पुलिस ने बताया कि अग्रसेन तिराहे से जुबली तिराहा और बक्शीपुर चौराहा की ओर ई-रिक्शा एवं ऑटो का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन अग्रसेन तिराहे से टाउनहॉल और कचहरी चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

इसी प्रकार अंबेडकर चौराहा से तमकुही तिराहा की ओर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो को आवश्यकता अनुसार छात्रसंघ भवन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अंबेडकर चौराहा से छात्रसंघ भवन होकर आगे अपने निर्धारित मार्ग पर जा सकेंगे।

21 जून को NEET देने वाले छात्रों के लिए बड़ी राहत! बिहार में चलेंगी 6 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल

परीक्षार्थियों के लिए छह स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था

परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने शहर में छह प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की है। इनमें विजय चौक के निकट एडी टावर परिसर, एसबीआई बैंक परिसर, अग्रसेन तिराहे के पास पवित्र विवाह स्थल, टाउनहॉल तिराहे के निकट कचहरी क्लब परिसर, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के बगल स्थित खाली भूमि तथा बक्शीपुर में मारवाड़ इंटर कॉलेज के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल शामिल हैं।

समय से निकलने और निर्देशों का पालन करने की अपील

प्रशासन ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले घर से निकलें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Location :  गोरखपुर

Published :  21 June 2026, 11:30 AM IST