
काले कानून जैसा विरोध (Img: Dynamite News)
Etawah: इटावा में लागू की जा रही ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में इटावा जिले में बैनामा लेखक, स्टांप विक्रेता और अधिवक्ताओं ने व्यापक हड़ताल और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने से हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा और वे बेरोजगारी की स्थिति में पहुंच जाएंगे।
बुधवार को तहसील भवन सैफई में बैनामा लेखकों, स्टांप विक्रेताओं और अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कार्यालय उप प्रबंधक को सौंपा प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ई-पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से पारंपरिक रूप से बैनामा लेखन और स्टांप विक्रय से जुड़े लोगों का काम प्रभावित होगा।
उनका आरोप है कि सरकार की यह व्यवस्था उनके रोजगार पर कुठाराघात करने वाली है। उन्होंने कहा कि पहले से ही बेरोजगारी के दौर से गुजर रहे लोगों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा और कई परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो सकती है। तहसील परिसर में एकत्रित प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ई-पंजीकरण व्यवस्था को वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैनामा लेखकों और स्टांप विक्रेताओं ने सरकार से ई-पंजीकरण व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके रोजगार और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना है।
Location : Etawah
Published : 18 June 2026, 2:07 PM IST