बदायूं में कुदरत का कहर या बिजली विभाग की लापरवाही? आंधी में झोपड़ी पर गिरा भारी ट्रांसफॉर्मर, भाई-बहन की दर्दनाक मौत

बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में मंगलवार को आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत में लगे बिजली के खंभे से भारी-भरकम ट्रांसफॉर्मर टूटकर झोपड़ी पर गिर गया। इसके नीचे दबने से दो मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 16 June 2026, 1:16 PM IST
google-preferred

Badaun: बदायूं जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर में तेज बारिश और तूफान के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। खेत में बोरिंग के पास लगे बिजली के खंभे पर रखा ट्रांसफॉर्मर टूटकर झोपड़ी पर गिर गया, जिससे झोपड़ी में बैठे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रांसफॉर्मर के नीचे थी झोपड़ी

जानकारी के अनुसार, ग्राम जमालपुर निवासी संतोष पुत्र फुलू के खेत पर बोरिंग के पास बिजली का खंभा लगा था। खंभे पर ट्रांसफॉर्मर रखा था और ठीक उसके नीचे संतोष ने झोपड़ी बना रखी थी। मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।

तेजी हवाओं की वजह से गिरा बिजली का खंभा

उस समय संतोष की 3 वर्षीय बेटी अनामिका और 11 वर्षीय बेटा विशेष बारिश और तूफान से बचने के लिए उसी झोपड़ी में जाकर बैठ गए। तेज हवाओं के दबाव से बोरिंग के पास लगा बिजली का खंभा भरभराकर टूट गया। खंभे के साथ ही ऊपर रखा भारी ट्रांसफॉर्मर भी सीधे झोपड़ी पर आ गिरा।

Badaun: गश्त लगा रहे सब इंस्पेक्टर की बनी आखिरी रात, कार ने रौंदा, कांस्टेबल गंभीर

दो मासूमों की मौत

ट्रांसफॉर्मर का वजन इतना ज्यादा था कि झोपड़ी पूरी तरह दब गई। दोनों मासूम बच्चे अनामिका और विशेष ट्रांसफॉर्मर के नीचे दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है।

जांच में जुटी पुलिस

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा हुआ। खंभा जर्जर हालत में था और ट्रांसफॉर्मर भी पुराना था। कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बिजली विभाग के अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।

Location :  badaun

Published :  16 June 2026, 1:16 PM IST

Advertisement