फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र से दो महीने से लापता नाबालिग छात्रा की बरामदगी न होने पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने 4 दिन में छात्रा की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

गुलाबी गैंग की फतेहपुर पुलिस को चेतावनी
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लापता नाबालिग छात्रा के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र से दो महीने पहले गायब हुई 17 वर्षीय छात्रा का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ चेतावनी दी कि अगर चार दिन के भीतर छात्रा बरामद नहीं हुई तो बिंदकी कोतवाली का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
दो महीने से लापता है छात्रा
मामला बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़राँव का है। यहां रहने वाली शिवदेवी की 17 वर्षीय बेटी 15 जनवरी 2026 को कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवार नामजद आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद से ही छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया है। काफी तलाश के बाद 21 जनवरी को पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक छात्रा की बरामदगी नहीं हो सकी है।
43 की उम्र और शादी के 8 साल, फिर भी इस चीज के लिए तरस रही हैं मोनालिसा
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है। परिजनों को डर है कि कहीं आरोपियों ने उनकी बेटी को बेच न दिया हो या उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी न हो गई हो। इसी को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बिंदकी क्षेत्राधिकारी और कोतवाल से मुलाकात कर मामले में तेजी से कार्रवाई की मांग की।
ऑपरेशन सिंदूर वाले मुकदमे की फाईल बंद, पढ़ें सुप्रीम कोर्ट के जज ने इस मामले में क्या कहा?
चार दिन का अल्टीमेटम
सीओ ऑफिस बिंदकी में हुई इस मुलाकात के दौरान संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने पुलिस को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक मां पिछले दो महीनों से अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रही है, लेकिन पुलिस अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं दे पाई है। उन्होंने साफ कहा कि अगर चार दिनों के भीतर छात्रा सुरक्षित बरामद नहीं की गई और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक बिंदकी कोतवाली का घेराव करेगा और बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि जब तक छात्रा सुरक्षित बरामद नहीं हो जाती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस चेतावनी के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन पर दबाव भी बढ़ गया है और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।