अंबेडकर प्रतिमा को लेकर बदायूं में बवाल, पुलिस टीम पर पथराव के बाद मचा हड़कंप

बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सिकरी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद हिंसक बवाल में बदल गया। सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाने से रोकने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 9:40 PM IST

Budaun : जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सिकरी उर्फ राजा की सीकरी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार शाम हिंसक बवाल में बदल गया। सरकारी भूमि पर प्रतिमा लगाने से रोकने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इस हमले में सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।

सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, कुछ लोग ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर बिना अनुमति के डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और प्रतिमा लगाने से रोक दिया।

देवरिया के लवकनी पहुंचा सपा प्रतिनिधिमंडल, अंबेडकर प्रतिमा विवाद की जमीनी जांच शुरू

पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद भीड़ ने एकजुट होकर पुलिस-प्रशासन की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों से हमला किया गया।

पथराव में सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुआ पथराव लगभग आधे घंटे तक चलता रहा। इस दौरान उपद्रवियों ने एसडीएम, सीओ, तहसीलदार की गाड़ियों समेत पीएसी ट्रक, फायर सर्विस वाहन और एंबुलेंस को भी निशाना बनाया।

कई सरकारी वाहनों के शीशे, लाइट, खिड़की और हूटर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। पथराव में बिसौली सीओ अंशुमन श्रीवास्तव समेत 7 से 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें छह महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कुछ घायलों को सीएचसी आसफपुर भेजकर इलाज कराया गया।

स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग

हालात बिगड़ने के बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीएम अवनीश कुमार राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने स्थिति का जायजा लिया।

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 10 थानों की पुलिस और पीएसी को गांव में तैनात किया गया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

दो मुकदमे दर्ज, प्रतिमा तहसील परिसर में रखी गई

पुलिस के अनुसार, मामले में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पहला मुकदमा ग्राम प्रधान की तहरीर पर सरकारी जमीन पर कब्जे के प्रयास को लेकर दर्ज किया गया है। वहीं दूसरा मुकदमा फैजगंज बेहटा थाने की ओर से दर्ज किया गया है। विवादित प्रतिमा को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर तहसील परिसर में रखवा दिया गया है।

9 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुनेश कुमार, अमरपाल, उदयवीर, मोहित, नेम सिंह, मेघ सिंह, अमन, शिवम और दिनेश शामिल हैं। सभी आरोपी सिकरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रतिमा तोड़े जाने की खबर को पुलिस ने बताया गलत

पुलिस प्रशासन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े या खंडित किए जाने की खबरों का खंडन किया है। अधिकारियों ने इसे पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रतिमा गिरा दी थी। जिससे उसका हाथ टूट गया और विवाद बढ़ गया। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि जिस जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की गई, वह राजस्व रिकॉर्ड में ग्राम समाज की खलिहान भूमि दर्ज है। प्रशासन ने बिना अनुमति प्रतिमा लगाने से रोकते हुए वैकल्पिक निजी भूमि का प्रस्ताव भी दिया था।

Location :  Budaun

Published :  26 August 2026, 9:40 PM IST