हिंदी
यूपी में बदला मौसम का मिजाज (Img- Envato)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब धीमा पड़ चुका है, लेकिन उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ ने पश्चिमी यूपी में बारिश की नई उम्मीद जगा दी है। इस बदलाव के कारण 6 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में यलो अलर्ट जारी किया है।
6 सितंबर को राज्य के 24 प्रमुख जिलों में बादलों के जमकर बरसने की संभावना है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं। इन क्षेत्रों और इनके आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
जहां एक तरफ पश्चिमी हिस्से भीग रहे हैं, वहीं पूर्वी यूपी में बारिश की रफ्तार काफी कमजोर पड़ने वाली है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के कृषि मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार मिश्रा के अनुसार, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम कमजोर होने से पूर्वी जिलों में अब भारी बारिश की उम्मीद कम है।
हालांकि, 8 सितंबर तक आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। धूप निकलने और आसमान साफ होने से आने वाले दिनों में तापमान और उमस में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
कानपुर और आसपास के इलाकों में मौसम अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। दिन का तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि रात का पारा लगभग 24.8 डिग्री तक आ गया है।
लखनऊ में सुबह से बारिश, नोएडा में बादल; जानिए यूपी में आज कहां बरसेंगे बदरा और कब लौटेगा मानसून
हाल ही में चलीं 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं ने रात के वक्त हल्की सिहरन का अहसास कराया है। हालांकि, नमी का स्तर अधिक रहने के कारण दिन के समय हल्की बेचैनी बनी रह सकती है।
Location : Lucknow
Published : 6 September 2026, 7:48 AM IST