यूपी में मानसून ने बदला अपना रुख: बलिया में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ आफत, इन 4 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। बलिया में भयंकर गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। प्रयागराज, मिर्जापुर, चित्रकूट और सोनभद्र में अचानक बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिन भारी बारिश का अनुमान है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 3 September 2026, 7:56 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जनपद बलिया में देर रात से भयंकर बिजली कड़कने के साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। काले बादलों और आसमान में उठती तेज गूंज ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। राज्य के अन्य जिलों में भी बादलों का डेरा जमा हुआ है और रह-रहकर बारिश की बौछारें पड़ रही हैं।

मध्य प्रदेश से उठा सिस्टम, यूपी के 4 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, झारखंड और मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब दक्षिणी यूपी की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से प्रयागराज, मिर्जापुर, चित्रकूट और सोनभद्र में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ (Flash Flood) का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका जाहिर करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मिर्जापुर में सबसे ज्यादा 16 सेमी बारिश, कई जिलों में नदियां उफान पर

बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मिर्जापुर में सबसे अधिक 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सीतापुर के नीमसार में 13 सेमी, लखनऊ, महसी और चित्रकूट में 11 सेमी वर्षा हुई है। भारी बारिश के चलते कई जगह जलजमाव हो गया है और तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

Weather Update: जन्माष्टमी से एक दिन पहले कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली-NCR समेत जानें हर शहर का हाल

अगले 4 दिनों तक राहत नहीं, जारी रहेगा बादलों का तांडव

मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 4 से 7 सितंबर के दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। फिलहाल पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना रहेगा लेकिन बारिश का यह सिलसिला आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  3 September 2026, 7:56 AM IST

Advertisement