Weather Update: जन्माष्टमी से एक दिन पहले कैसा रहेगा मौसम? दिल्ली-NCR समेत जानें हर शहर का हाल

3 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी के 15 जिलों में बारिश का खतरा है। दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि कई राज्यों में बिजली और भूस्खलन की चेतावनी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 September 2026, 7:40 AM IST
google-preferred

New Delhi: देशभर में मॉनसून का असर अभी भी बना हुआ है। कहीं तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं तो कहीं उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जन्माष्टमी से पहले मौसम का यह बदला मिजाज लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

उत्तर प्रदेश में 15 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 3 और 4 सितंबर को कई इलाकों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। औरैया, बांदा, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, महोबा, सीतापुर और उन्नाव समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है।

राज्य में पहले से ही कई हिस्से बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हैं। अब तक 35 जिले प्रभावित हुए हैं, जबकि 23 जिलों में बाढ़ का असर बना हुआ है। प्रशासन ने 16,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाएं

दिल्ली-NCR में 3 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अगले तीन दिनों तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में भी भारी बारिश का अनुमान

बिहार में 3 और 4 सितंबर को कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 6 सितंबर तक कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।

Delhi Weather: सितंबर की शुरुआत में बदलेगा दिल्ली का मौसम, बारिश से पहले IMD ने दिया बड़ा संकेत

17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम और केरल में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

Location :  New Delhi

Published :  3 September 2026, 7:37 AM IST

Advertisement