
यूपी का अजीब मौसम (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून का बेहद अजीब और अनोखा रूप देखने को मिल रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं और सूरज देव के तीखे तेवरों का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 42 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तराई के इलाकों से लेकर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक, आसमान से बरसती आफत ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तराई बेल्ट के 13 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में मुख्य रूप से बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, कुशीनगर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और संतकबीरनगर शामिल हैं।
इसके अलावा, पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राजधानी लखनऊ में भी सुबह से ही काले बादलों का डेरा है और कई इलाकों में रुक-रुक कर बौछारें पड़ रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसकने से सेंट्रल यूपी और तराई क्षेत्रों में 13 जुलाई तक अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पिछले दो दिनों से हो रही रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने हालात बेहद चिंताजनक कर दिए हैं। यहाँ की पहाड़ा नदी उफान पर है, जिससे बढ़ापुर क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गाँव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। लोगों के घर, लहलहाते खेत और संपर्क सड़कें सब पानी में डूब चुके हैं।
सबसे बड़ी चुनौती ग्रामीणों के सामने नदी पार करने की है, क्योंकि वहाँ न तो पुल है और न ही नाव की व्यवस्था। लोग जान जोखिम में डालकर भैंसा-बुग्गी के सहारे उफनती नदी पार करने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को मुस्तैद कर दिया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
तराई और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में जहाँ बाढ़ जैसे हालात हैं, वहीं संभल जिले से अलग तस्वीर सामने आई है। संभल में बीते चौबीस घंटों के दौरान बारिश न होने की वजह से मौसम में भारी बदलाव देखा गया।
यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुँच गया है, जिससे लोग उमस से परेशान हैं। तापमान बढ़ने के साथ ही जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बढ़कर 101 दर्ज किया गया है, जो हवा में बढ़ते प्रदूषण और उमस की ओर इशारा करता है।
Location : Lucknow
Published : 11 July 2026, 7:47 AM IST