धूप से तप रहा था यूपी… अचानक छाए काले बादल! नोएडा-मेरठ में तेज बारिश और आंधी, जानें कैसा रहेगा 48 घंटे का मौसम?

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। नोएडा, मेरठ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने करीब 30 जिलों में बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 15 March 2026, 8:34 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान से परेशान लोगों को अब राहत मिलती नजर आ रही है। रविवार सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मेरठ में सुबह होते ही झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ घंटों तक मौसम इसी तरह बदला हुआ रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

30 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 15 मार्च को प्रदेश के लगभग 30 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

उनमें बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, बिजनौर, रामपुर, बरेली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिले शामिल हैं। इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।

Weather Update: मार्च में बढ़ी गर्मी के बीच मौसम का यू-टर्न, क्या 15 मार्च को बरसेंगे बादल?

नोएडा और गाजियाबाद में बादल

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में रविवार को काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं राजधानी लखनऊ में फिलहाल आसमान में हल्के बादल नजर आ सकते हैं। हालांकि अगले 24 घंटे में यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बांदा में अभी भी गर्मी का कहर

जहां एक तरफ कई जिलों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं बुंदेलखंड के बांदा जिले में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में बांदा में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, मौसम ने फिर बदली करवट

तीन दिनों में 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय हुए मौसम सिस्टम के कारण अगले तीन दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक बारिश और आंधी के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना जताई गई है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 15 March 2026, 8:34 AM IST