UP Weather Update: यूपी में मौसम का कहर, कोहरा-बारिश और तेज हवाओं से बदलेगा मिजाज; IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। IMD के मुताबिक राज्य के कई जिलों में कोहरा, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी में तापमान में गिरावट आएगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 January 2026, 7:58 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में कहीं घना कोहरा तो कहीं झमाझम बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी यूपी में अगले 48 घंटों के भीतर तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

इस अचानक बदलाव से ठंड और बढ़ने की संभावना है, जबकि इसके बाद तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखेगा।

पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक 28 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी यूपी में कोहरे के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। 29 जनवरी को दोनों ही संभागों में कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।

यूपी में मौसम का बड़ा उलटफेर: प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश

बुधवार को हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज झोंकों वाली हवाएं चल सकती हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

इन जिलों में रहेगा घना कोहरा

मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, प्रयागराज, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, एटा और फर्रुखाबाद में 100 से 500 मीटर तक दृश्यता वाला कोहरा छाया रहेगा। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

यूपी का मौसम बना पहेली: कभी धूप, कभी ठंड तो कभी बारिश; फिर बदलेगा मिजाज

यहां खिली रहेगी धूप

सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।

लखनऊ और नोएडा का मौसम अपडेट

राजधानी लखनऊ में बुधवार को बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों में तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं नोएडा में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, जहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 28 January 2026, 7:58 AM IST