
फिर पलटा यूपी का मौसम (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, तो वहीं शहरी क्षेत्रों में जलभराव ने आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बादलों के बरसने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज राज्य के दक्षिणी और बुंदेलखंड संभाग में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। विशेष तौर पर प्रयागराज, महोबा, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, जालौन, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट और कौशांबी जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जिससे प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
Weather Update: दिल्ली वालों संभल जाइए! अगले 7 दिन बारिश का अलर्ट, आज तेज हवाओं के साथ होगी बरसात
राजधानी लखनऊ में आज सुबह से ही बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली जारी है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, हालांकि दोपहर के बाद बारिश के ज्यादा आसार नहीं हैं। इसी तरह नोएडा और गाजियाबाद में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छुटपुट बूंदाबांदी की उम्मीद है, लेकिन यहां किसी बड़े खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है।
प्रदेश के बाकी हिस्सों की बात करें तो मीरजापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, सहारनपुर, बिजनौर और संत रविदास नगर जैसे जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, आगरा, इटावा, कानपुर, मेरठ और मुरादाबाद समेत कई अन्य जिलों में छिटपुट जगहों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की लुकाछिपी के बीच हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
लगातार हो रही बारिश ने पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही उमस और चिलचिलाती धूप से तो राहत दिला दी है, लेकिन निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर भरा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। यातायात प्रभावित होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें।
Location : Lucknow
Published : 20 August 2026, 7:50 AM IST