
यूपी में मौसम का यू-टर्न (Img- Envato)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से जारी मूसलाधार बारिश अब अपनी दिशा बदल रही है। राजधानी लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में जहां बादलों का डेरा अब छटने लगा है और बारिश थमने के आसार हैं, वहीं बुंदेलखंड, पश्चिमी और दक्षिणी यूपी के इलाकों पर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, ललितपुर और आगरा समेत प्रदेश के 13 प्रमुख जिलों में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हाल ही में लखनऊ में हुई 115 मिमी की रिकॉर्ड बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया था। इस मूसलाधार पानी की वजह से कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, अब लखनऊ वासियों के लिए राहत की खबर है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लखनऊ और मध्य यूपी में अब बादलों की हल्की आवाजाही ही देखने को मिलेगी, जिससे छिटपुट बौछारें तो गिर सकती हैं लेकिन भारी बारिश का दौर थम जाएगा।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान ललितपुर में सबसे ज्यादा 173 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर, बांदा और फतेहपुर में भी बादलों ने जमकर तबाही मचाई। इस लगातार बारिश के कारण करीब 40 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है।
Delhi Weather: कान्हा के जन्मोत्सव पर दिल्ली में बरसेंगे बादल, जानें आज बारिश का पूरा अपडेट
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम तंत्र के कारण 7 सितंबर तक प्रदेश के दक्षिणी और तराई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। इसके बाद 8 सितंबर से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने लगेगी। 15 सितंबर आते-आते पूरे उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी और मौसम पूरी तरह साफ होने लगेगा।
Location : New Delhi
Published : 4 September 2026, 8:01 AM IST