
प्रतीकात्मक छवि (Img: Google)
New Delhi/Lucknow: उत्तर प्रदेश में गुरूवार रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा असर बरेली में देखने को मिला, जहां बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और ब्लैकआउट जैसे हालात पैदा हो गए।
बरेली में आई तेज आंधी के दौरान करीब 200 बिजली के खंभे गिर गए, जिससे पूरे जिले की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दरोगा समेत नौ लोग घायल हो गए। बिजली विभाग की टीमें लगातार आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।
आंधी और बारिश से जुड़े हादसों में कौशांबी में दो लोगों की मौत हुई, जबकि झांसी, बरेली, अलीगढ़, देवरिया और मेरठ में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। अलीगढ़ में जेके सीमेंट फैक्टरी की चेक पोस्ट गिरने से ड्यूटी पर तैनात गार्ड इंद्रजीत की मौत हो गई। वहीं मुजफ्फरनगर में दीवार गिरने से एक मजदूर की जान चली गई।
मेरठ में करीब 70 पेड़ गिर गए और 100 से अधिक बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बुलंदशहर में एक घर की छत पर मोबाइल टावर गिर गया। जिलेभर में 300 से अधिक पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। कई स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग भी धराशायी हो गए।
पूर्वांचल के बलिया, जौनपुर, चंदौली और मऊ जिलों में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। मऊ में बिजली गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। देवरिया में खेत की ओर जा रही 65 वर्षीय महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। कई जिलों में 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बारिश के बाद प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गोरखपुर में 75 मिमी, बलिया में 64 मिमी और बाराबंकी व संत कबीर नगर में 48 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
Mumbai News: अब मिनटों का सफर होगा आसान! पुणे में NH-48 पर तीन अंडरपास को मिली मंजूरी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 19 जिलों में गरज-चमक और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने और गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
Location : Lucknow
Published : 12 June 2026, 9:32 AM IST