
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा
Hapur: हापुड़ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल मिला। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी मोबाइल को अधोवस्त्र में छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर ले गया था। मामले में सुरक्षा जांच में लापरवाही पाए जाने पर दो सब-इंस्पेक्टरों समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
हापुड़ में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। पिलखुआ के एक परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के साथ पकड़े जाने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो उपनिरीक्षकों समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सभी पर चेकिंग और फ्रिस्किंग ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है।
कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 17 केंद्रों पर 49 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
घटना पिलखुआ स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। पुलिस के मुताबिक, अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन परीक्षा के दौरान लघुशंका का बहाना बनाकर पुरुष शौचालय गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वहां मौजूद कर्मचारियों को उस पर संदेह हुआ। जब उसकी जांच की गई तो उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसे परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था।
पूछताछ के दौरान अभ्यर्थी ने बताया कि वह मोबाइल फोन को अधोवस्त्र में छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर आया था। उसने परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले मोबाइल को शौचालय में छिपा दिया था। हालांकि, कर्मचारियों की सतर्कता के चलते मामला सामने आ गया और उसे पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही केंद्र प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी।
इस मामले में परीक्षा केंद्र के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह की तहरीर पर पिलखुआ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मोबाइल का इस्तेमाल किसी तरह की नकल या बाहरी संपर्क के लिए किया जाना था या नहीं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा : जूते नहीं चप्पल पहनकर आएं, साल्वर गैंग पर STF की नजर
पुलिस अधीक्षक केजी सिंह ने मामले को गंभीर मानते हुए सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की समीक्षा की। जांच में चेकिंग और फ्रिस्किंग प्रक्रिया में लापरवाही सामने आने पर दो उपनिरीक्षकों सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर आरक्षी नागरिक और समकक्ष पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। पहले दिन कुल 5480 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2584 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
Location : Hapur
Published : 9 June 2026, 7:15 AM IST