हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंदिरा कैनाल रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव को मार गिराया गया। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान पुलिस टीम का सामना संजीव से हुआ।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर संजय उर्फ संजीव ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मारा गया आरोपी संजय उर्फ संजीव लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। 27 मई 2026 को हुई इस वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस कमिश्नर की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संजीव का अपराध का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ था। वह अम्बेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जैसे क्षेत्रों में हत्या और रंगदारी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहा था। पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और इलाके में उसका खौफ था।
पुलिस के अनुसार, संजय उर्फ संजीव के संबंध कुख्यात अपराधी खान मुबारक गैंग के सदस्यों से भी रहे थे। उसने अन्य अपराधियों के साथ मिलकर कई सनसनीखेज घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संजीव की मौत के बाद बिल्डर हत्याकांड से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 27 June 2026, 8:20 AM IST
Topics : Builder Sandeep Singh Murder Case Lucknow Encounter One lakh reward criminal Sanjay Sanjeev UP Police Encounter