
प्रतीकात्मक छवि
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में विदेशी सोने की बरामदगी हुई है। वाराणसी से मेरठ जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचे एक यात्री के पास से 1.202 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया। इसकी कीमत 1 करोड़ 72 लाख 34 हजार 373 रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, यात्री ने सोने को नी-कैप में बनी विशेष जेब में छिपा रखा था।
चारबाग RPF प्रभारी भूपेंद्र सिंह डागर के मुताबिक, बृहस्पतिवार को ट्रेन संख्या 22489 वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर पहुंची। यहां पहले से मौजूद DRI और RPF की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध यात्री की जांच की।
तलाशी के दौरान उसकी नी-कैप में बनी विशेष जेब से सोना बरामद हुआ। जांच में सोने की तीन चेन, एक आधी छड़ और दो कटे हुए टुकड़े मिले। सोने के कुल छह टुकड़ों का वजन 1.202 किलोग्राम पाया गया। बरामद सोने की कीमत 1,72,34,373 रुपये आंकी गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विदेशी सोना हावड़ा से वाराणसी के रास्ते लखनऊ लाया जा रहा था। उसने सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने के लिए वाराणसी में ट्रेन बदली और फिर वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचा।
सोने को नी-कैप के नीचे बनाई गई विशेष जेब में छिपाया गया था। हालांकि, चारबाग स्टेशन पर जांच कर रही संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान सोना बरामद कर लिया।
DRI के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक उत्तर प्रदेश में सोने की तस्करी से जुड़े नौ मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में करीब 21 करोड़ रुपये कीमत का कुल 14.47 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया जा चुका है।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर हुई यह बरामदगी भी सोने की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताई गई है। मामले में संबंधित जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
Location : New Delhi
Published : 10 October 2026, 12:28 PM IST