
यूपी की हर बड़ी खबर अब एक ही जगह (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों के जानलेवा हमले में घायल निषाद पार्टी के नेता और व्यापारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के हस्तक्षेप के बाद दारोगा, चौकी इंचार्ज और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
महराजगंज के आनंदनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज, बृजमनगंज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में तुबा बानो ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने उन्हें बधाई देते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
चंदौली के बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। ब्लड डोनेट करने पहुंचे महेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि रक्त लेने से पहले उनका वजन नहीं किया गया और जरूरी जांच भी नहीं की गई। उन्होंने ब्लड बैंक में वजन करने की मशीन नहीं होने का भी दावा किया। मामले को लेकर स्टाफ की कार्यप्रणाली और रक्तदाताओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
मिर्जापुर के सिरसी डैम पर चार फाटक खुलने के बावजूद सैलानी प्रशासन की चेतावनी और बंदिशों को दरकिनार कर डेंजर जोन में पहुंच गए। लोग पथरीले और फिसलन भरे रास्तों से नीचे उतरकर रील्स और सेल्फी लेते नजर आए। मौके पर न बैरिकेडिंग दिखी और न ही पुलिस की ड्यूटी लगी थी। पानी का बहाव तेज होने के चलते हादसे का खतरा बना हुआ है।
देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र के गांधीनगर वार्ड में गुरुवार देर रात 23 वर्षीय मोनू सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, युवक पर शौचालय के अंदर गर्दन, पीठ और कंधे पर हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फतेहपुर के कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के हरदौली गांव में पिछले करीब दो वर्षों से 5G नेटवर्क नहीं आने से ग्रामीण नाराज हैं। गांव में एक निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगा है, लेकिन इसके बावजूद 5G सेवा नहीं मिलने की शिकायत ग्रामीण लगातार कर रहे हैं।
गुरुवार को नाराज ग्रामीणों ने टावर के एक कर्मचारी को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक कंपनी के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक कर्मचारी को नहीं छोड़ा जाएगा।
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में साकेत पुलिस चौकी के पास देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मंदिर के बाहर विद्युत पोल और नगर पालिका के वाटर कूलर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक साकेत कॉलोनी के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 11 September 2026, 9:17 AM IST