
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
मिर्जापुर में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) पर नया बिजली कनेक्शन जारी करने के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। आरोप भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्षऔर पूर्व मनोनीत सभासद की ओर से लगाया गया है। उनका कहना है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। मामले को लेकर उन्होंने सरकार, जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल इस मामले में विभाग या प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद भारी बवाल मच गया। मामला नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर) के सुभाष नगर वार्ड का है। यहां के निवासी एक युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वार्ड की महिलाओं के खिलाफ बेहद अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी पोस्ट कर दी थी। जैसे ही इस पोस्ट की जानकारी स्थानीय महिलाओं को हुई, उनमें भारी आक्रोश फैल गया।
उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जनपद में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। मड़िहान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेला जंगल में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट के वाहन को निशाना बनाते हुए करीब 2.50 लाख रुपये की मोटी रकम लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में परिवहन आयुक्त के निर्देश पर परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया है। बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर विभाग पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इस विशेष अभियान के तहत अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों की बसों और वैनों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनके फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। चेकिंग के दौरान जिन वाहन स्वामियों ने नियमों की अनदेखी की, उन्हें विभाग की तरफ से सख्त चेतावनी दी गई है कि लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल, 4 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आ रहे हैं। अपने इस खास संगठनात्मक प्रवास के दौरान वह उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके साथ ही, बीजेपी अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के मंत्रियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी बीजेपी विधायक, सांसद और एमएलसी (MLC) भी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे, जहाँ आगामी राजनीतिक रणनीतियों और बूथ स्तर के प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और मौसम विभाग ने आज प्रदेश के करीब 40 जिलों में आकाशीय बिजली, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में विजईपुर के पास NH-730 पर दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के लौकहा के पास भारत से नेपाल जा रहा तेल से भरा एक टैंकर डंपर से टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में तेल जमीन पर फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बर्तन और डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए और फैले हुए तेल को एकत्र करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। हादसे में यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
वाराणसी में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहर में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीएचयू केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, हवा में नमी अधिक होने से उमस बनी हुई है। सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
Location : Lucknow
Published : 3 July 2026, 7:56 AM IST