
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर आग का बड़ा हादसा सामने आया है। रविवार सुबह करीब 6 बजे चिनहट इलाके में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं और करीब एक किलोमीटर तक धुआं फैल गया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से उठता हुआ घना धुआं देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आगरा की क्रिकेट प्रेमी जनता इस रविवार अपनी स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन पर टकटकी लगाए हुए है। टी-20 महिला विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाला भारत का अंतिम लीग मुकाबला न केवल सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से अहम है, बल्कि दीप्ति के लिए व्यक्तिगत इतिहास रचने का भी सुनहरा मौका लेकर आया है। पूरे शहर में उनके नाम की चर्चा तेज है और फैंस एक ही विकेट का इंतजार कर रहे हैं।
बागपत के बिनौली क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी नीशू और उसके प्रेमी विक्रांत ने मिलकर पति राजीव पर सोते समय पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे राजीव को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह दिन तक इलाज चला, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना से पहले राजीव के बयान दर्ज किए थे, जिसमें उसने दोनों पर आरोप लगाए थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों ने दोनों को फांसी देने की मांग की है। पुलिस जांच अभी भी जारी है।
पीलीभीत में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य शूटर और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी सरबजीत सिंह को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। सरबजीत लखीमपुर खीरी जिले के उचौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले लगभग एक महीने से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां थाना अलापुर क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले 60 वर्षीय आरोपी अबरार को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में आरोपी अबरार के दोनों पैरों में गोली लगी है। इस मुठभेड़ में उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, रेप, पॉक्सो (POCSO) और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र में पड़ोसी की सातवीं मंजिल से दीवार गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि भवन निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही की वजह से उनके बेटे की जान गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र से एक मानसिक रूप से कमजोर युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद युवती का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है। परिजनों ने लोगों से युवती के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है।
बागपत के काठा टोल प्लाजा पर मैनेजर के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद कुछ लोगों ने टोल मैनेजर के साथ मारपीट की थी। यह घटना दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे स्थित काठा टोल प्लाजा की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलडीए के 5 और अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में एई संजय शुक्ला, अधीक्षण अभियंता आनंद मिश्रा, अधिशासी अभियंता शिवेंद्र शुक्ला, अवर अभियंता हेमंत कुमार और सुपरवाइजर बेलदार हरपाल शामिल हैं। जांच में लापरवाही और अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले भी दो इंजीनियर सस्पेंड किए जा चुके हैं। अब तक कुल सात अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है, जबकि 18 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। अग्निकांड वाली इमारत को ध्वस्त करने की तैयारी भी जारी है।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, पिपराइच की ओर से हाटा आ रहे बाइक सवारों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक और दो महिलाएं कई फीट हवा में उछल गए। हादसे का खौफनाक दृश्य पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। दुर्घटना अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के पट्टन इलाके में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 28 June 2026, 8:06 AM IST