हिंदी
Budaun: बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में 25 जून को चार साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी अबरार को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। सूचना मिलने पर अलापुर-भसराला रोड स्थित अमरूद के बाग के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे पकड़ लिया।
घायल आरोपी और घायल सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
यह मामला 25 जून का है, जब चार वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। घटना के बाद बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ उझानी राहुल पांडेय सहित अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Badaun
Published : 28 June 2026, 11:02 AM IST