
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
औरैया के दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम भूठा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को माला पहनाकर भाजपा में सम्मिलित किया। भाजपा का दामन थामने वाले इन लोगों में समाजवादी पार्टी (सपा) छोड़कर आए नेताओं के साथ-साथ अन्य लोग भी शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली विधानसभा सीट से बीजेपी के पूर्व विधायक विक्रम सैनी अपने एक ताजा बयान को लेकर फिर चर्चा में हैं। गुरुवार को नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उनके बोल बिगड़ गए। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी उम्र 60 साल के आसपास हो गई है, लेकिन उनमें अब तक बुद्धि नहीं आई है और वे एक बुद्धिहीन व्यक्ति हैं।
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कलवरगढ़ बगीचे में इन दिनों बड़े पैमाने पर जुआ खेलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके अलावा आमकोट, लेदवा और मिडिल स्कूल के पास स्थित बगीचों सहित कई अन्य स्थानों पर भी जुए का खेल धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इन जगहों पर प्रतिदिन जुआरियों की बड़ी भीड़ जुटती है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है।
यूपी एसटीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने देवरिया के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के सहला के पास से चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के आशीष पांडे व संदीप कोल और देवरिया के रितेश व आदर्श जायसवाल शामिल हैं। यह गिरोह असम से गांजा मंगाकर उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।
महराजगंज में खाद की संभावित तस्करी रोकने के लिए जिला कृषि अधिकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अभियान चलाया। इस दौरान बाइक पर खाद ले जा रहे संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई, जिससे क्षेत्र के दुकानदारों और तस्करों में हड़कंप मच गया। जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद देना प्राथमिकता है। कालाबाजारी और तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा ताकि वास्तविक किसानों को लाभ मिले।
महराजगंज जनपद के कोल्हुई कस्बे में आग से सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए किए गए निरीक्षण में अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम दिखाई दिए। होटल, रेस्टोरेंट, वाहन एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) व्यवस्थित रूप से लगे मिले। इससे यह स्पष्ट होता है कि स्थानीय कारोबारी आग जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के प्रति पूरी तरह सजग और जागरूक हैं।
नोएडा में कुछ महीनों पहले हुई इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। वारदात के समय युवराज को बचाने की कोशिश का दावा करने वाले डिलीवरी बॉय समेत दो लोगों को ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोनिन्द्र और उसका साथी रेस्टोरेंट व ठेले वालों से हर महीने रंगदारी वसूलते थे। दुकानदारों की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी मोनिन्द्र पर गुंडा एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
देवरिया जिले के भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में खंनुवा नदी के चखनी घाट पर ₹16 करोड़ की लागत से बन रहे पुल में कई फीट लंबी दरार आने से सेतु निगम विभाग में हड़कंप मच गया है। यूपी और बिहार को जोड़ने वाले इस पुल से 1 जून को मलबा नीचे गिरा, जिससे मजदूर बाल-बाल बचे। ग्रामीणों द्वारा घटिया सामग्री और मानक विहीन निर्माण की शिकायतें पहले भी की गई थीं, जिन्हें विभाग ने नजरअंदाज किया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
देवरिया जिले की महुआडीह थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को टीला टाली के पास से दबोचा और उनके कब्जे व निशानदेही पर चोरी की कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। शुरुआती सफलता के बाद पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
देवरिया जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भृगुश्री गांव की निवासी पिंकी यादव (पत्नी अशोक यादव) ने अपने ससुराल पक्ष पर घरेलू हिंसा, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न और शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने जिलाधिकारी सहित पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं, आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं, अपमानजनक व्यवहार करते हैं और मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
Noida में बारिश और तेज आंधी से हुआ भारी नुकसान, कई सड़कों पर गिरे पेड़#Weatherupdate #NoidaWeatherupdate #IMDAlert
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी के साथ हुई भारी बारिश के कारण भारी नुकसान की खबर सामने आई है। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई मुख्य सड़कों पर विशालकाय पेड़…
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 4, 2026
बलिया में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के पीए की हत्या के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। इस चर्चित हत्याकांड का मुख्य शूटर ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मन्नू गैंगस्टर कोर्ट में हाजिर हो गया है। शूटर के आत्मसमर्पण करने के बाद उसकी पत्नी का बड़ा बयान आया है, जिसमें उसने साफ तौर पर कहा कि उसे देश की जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) पर पूरा भरोसा है।
लखनऊ में सूरज इंडेन सर्विस के कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं पर एलपीजी सिलेंडर भरवाते समय जबरन गैस पाइप लेने का दबाव बनाने का बड़ा विवाद सामने आया है। इसके लिए उपभोक्ताओं से 190 रुपये का अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उपभोक्ता पाइप नहीं लेंगे, तो उन्हें सिलेंडर भी नहीं दिया जाएगा। इस तानाशाही रवैये से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।
बाराबंकी से सऊदी अरब में लापता हुए एक युवक के परिजनों ने उसकी सकुशल वतन वापसी के लिए स्थानीय सांसद को प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और विदेश मंत्री को भी पत्र भेजकर युवक की सुरक्षित भारत वापसी की गुहार लगाई है। पूरा परिवार युवक की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है और सरकार से मदद की मांग कर रहा है।
हाथरस शहर के मथुरा रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती कार के इंजन में 5 फीट लंबा सांप घुस गया। रास्ते में सांप दिखने के बाद कार सवारों ने तुरंत गाड़ी रोकी और इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मेरठ में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के निर्देश पर अग्निशमन अधिकारियों ने मेरठ के विभिन्न होटलों का व्यापक फायर सेफ्टी निरीक्षण किया। इस विशेष अभियान के तहत होटलों में मौजूद अग्निशमन यंत्रों और सुरक्षा उपकरणों की गहनता से जांच की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
बाराबंकी में जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खजूरगांव में की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। यह सख्त एक्शन समर्थ इंफ्रा और गोल्डमार इंफ्रा पर लिया गया है। प्रशासन द्वारा इस कार्रवाई से पहले इन अवैध प्लाटिंग करने वालों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
चंदौली में सदर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने एक ट्रक से भूसी की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही 61 लाख रुपये मूल्य की 1210 पेटी अवैध बीयर बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर के अनुसार, यह खेप पंजाब से बिहार के औरंगाबाद जिले जा रही थी। तस्करों को प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
देवरिया की खंनुवा नदी के चखनी घाट पर यूपी-बिहार को जोड़ने वाले 16 करोड़ के निर्माणाधीन पुल में 1 जून को कई फीट दरार आ गई, जिससे एक हिस्सा ढहने से मजदूर बाल-बाल बचे। ग्रामीणों द्वारा घटिया सामग्री की शिकायत को सेतु निगम ने नजरअंदाज किया। जांच के लिए पहुंची गोरखपुर की टीम ने बिना सेफ्टी किट के मुआयना कर दरार वाली दीवार गिराने की सिफारिश की है। इस पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने प्रोजेक्ट की पूरी रिपोर्ट मांगते हुए टीम गठित कर दी है और मानक के विपरीत निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर आनन-फानन में परिजन युवक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। वहां तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर महुआडीह थाना पुलिस ने टीला टाली के पास से दो शातिर वाहन चोरों, अविनाश गौड़ (22 वर्ष) और रंकेश चौहान (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी एक डिस्कवर बाइक समेत चोरी की कुल 4 मोटरसाइकिलें (प्लेटिना, स्प्लेंडर प्रो, पैशन प्रो) बरामद की हैं, जिन्हें इन्होंने कसया मार्केट और जिला चिकित्सालय परिसर से चुराया था। मुख्य आरोपी अविनाश गौड़ पर गैंगस्टर एक्ट सहित 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
देवरिया जिले में उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले 16 करोड़ रुपये के निर्माणाधीन चखनी घाट पुल में अचानक दरार आ गई, जिसके बाद पुल के एक हिस्से का मलबा भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे के दौरान वहां काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सेतु निगम पुल के निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है। पुल टूटने की इस गंभीर घटना के बाद मामले की जांच के लिए गोरखपुर और लखनऊ से तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां बेहड़ा बाजार के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और शव के चिथड़े उड़ गए। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही खैरीघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को किसी तरह समेटकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार चालक व ट्रक की तलाश में दबिश दे रही है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक युवती ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने मृतका के शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती ने किन कारणों के चलते ऐसा आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या की सही वजह का खुलासा हो सके।
उत्तर प्रदेश के जालौन में जालौन कोतवाली पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र से बाइक चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए इन तीनों चोरों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे-धनौरा मार्ग पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी लिखापढ़ी पूरी करने के बाद सभी को जेल भेज दिया है। इस कामयाबी से इलाके में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आज सुबह 'स्वच्छ गोरखपुर अभियान' के तहत नौकायन तारामंडल स्थित रामगढ़ ताल झील पर एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस महा-अभियान में गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन शुक्ला और महापौर (मेयर) डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह विशेष स्वच्छता कार्यक्रम 5 जून 'अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस' से शुरू होकर 21 जून 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' तक लगातार चलाया जाएगा।
बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र से चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है, जहां एक शातिर युवक ने दुकान में किसी के न होने का फायदा उठाकर बड़ी चालाकी से मोबाइल फोन पार कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजार की है, जहां एक दुकान संचालक कुछ देर के लिए अपनी सीट से हटा था। इसी दौरान मौका पाकर एक युवक दुकान के अंदर घुसा और काउंटर पर रखा कीमती मोबाइल फोन उठाकर रफूचक्कर हो गया। दुकानदार जब वापस लौटा तो मोबाइल गायब देख उसके होश उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोर की यह चालाकी साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ बड़ौत कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से सामने आई है। मामले के मुख्य शूटर ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मन्नू ने बलिया की गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है। बांसडीह थाना क्षेत्र के शीतल दौनी का निवासी ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मन्नू एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं।
दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश का दमकल विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। राजधानी लखनऊ के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों में दमकल विभाग के अधिकारियों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीजी फायर सुजीत पांडे खुद जमीन पर उतरकर होटलों और मॉल में फायर सेफ्टी उपकरणों और सुरक्षा मानकों की लाइव चेकिंग कर रहे हैं।
हमीरपुर में पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की हुई दर्दनाक मौत के मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम योगी ने शोक संतप्त मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के आला अफसरों को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने और शासन के नियमों के अनुसार परिजनों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
जालौन के उरई स्थित अनिका अस्पताल के प्राइवेट डॉक्टरों और स्टाफ पर हैवानियत का गंभीर आरोप लगा है। यहाँ इलाज के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद डॉक्टर और पूरा स्टाफ अस्पताल के कमरे में ताला बंद कर बच्चे का शव अंदर ही छोड़कर फरार हो गए। इस संवेदनहीन घटना के बाद मृत बच्चे के परिजन अस्पताल के बाहर बैठकर न्याय के लिए बिलखते नजर आए।
हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर के नीचे ही दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद रोडवेज बस का चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच और फरार बस की तलाश में जुट गई है।
बागपत के बड़ौत स्थित पठानकोट कॉलोनी में चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 4 साल के एक मासूम बच्चे की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चे को बचाने के प्रयास में उसके चाचा भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के दौरान जलता हुआ गैस सिलेंडर घर से बाहर फेंका गया, जिससे अन्य लोग सुरक्षित रहे।
झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बराठा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर में झूला झूलते समय 9 वर्षीय मासूम ऋतिक की मौत हो गई। खेल-खेल में झूले की रस्सी गले में फंसने के कारण बच्चे की जान चली गई। मृतक ऋतिक डीएवी (DAV) स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में 13 माह की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस हैवानियत को अंजाम देने वाले आरोपी मामा सलीम को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रिश्ते में बच्ची का मामा लगने वाले सलीम को बच्ची की मौसी ने अश्लील हरकत करते हुए रंगे हाथों देख लिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सलीम पुलिस हिरासत में अपनी इस घिनौनी करतूत के लिए माफी मांगता हुआ दिखाई दिया है।
हमीरपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में बेतवा पुल की रेलिंग तोड़कर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सीधे नदी में जा गिरा। इस भीषण हादसे में मौदहा कस्बे के रहने वाले ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भारी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लखीमपुर में हाईवे पर कार सवार युवकों द्वारा खतरनाक स्टंटबाजी करने का मामला सामने आया है। कार की खिड़की से बाहर निकलकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर स्टंटबाजी की जा रही थी। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए खीरी पुलिस ने स्टंट करने वाले चारों युवकों को पकड़ लिया है और उनकी कार को सीज कर दिया है।
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भवन स्वामियों को बड़ी राहत दी गई है। अब 31 मार्च 2026 तक जिला पंचायतों से स्वीकृत नक्शों को विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में भी वैध माना जाएगा और ऐसे भवनों पर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं होगी। हालांकि, भवन मालिकों को प्राधिकरण में पंजीकरण कराकर निर्धारित शुल्क देना होगा। यदि निर्माण मास्टर प्लान के विपरीत हुआ, तो अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
कौशांबी के सैनी कोतवाली इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन किन्नरों पर एक किशोर का जबरन ऑपरेशन कराकर लिंग परिवर्तन कराने का आरोप लगा है। कार्यक्रमों में नाच-गाने का काम करने वाले इस किशोर को किन्नर ऑपरेशन के बाद उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। इस अमानवीय घटना को लेकर पीड़ित के पिता ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अलीगढ़ के इगलास थाना इलाके में प्रशासन ने एक अवैध ईंट भट्ठे पर छापेमारी करते हुए उसे बंद करा दिया है। यह ईंट भट्ठा वर्ष 2021 से बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जिस पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
आगरा के बाह स्थित नरहोली नहर की पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ बाजार के लिए आ रहे एक व्यक्ति की मैक्स वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
महोबा में कपड़ा कारोबारी देवेन्द्र को अदालत ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की बेरहमी से हत्या करने के जुर्म में फांसी की सजा सुनाई है। यह खौफनाक वारदात वर्ष 2023 में हुई थी, जब आरोपी ने शराब पीकर घर आकर पत्नी से झगड़ा किया और फिर सिलबट्टे से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी दो मासूम बेटियों, जिनमें 9 वर्षीय आयुषी भी शामिल थी, की भी हत्या कर दी थी।
मथुरा में IIT पास अश्लील साधु अभिषेक लोगों को झांसा देता था कि वह खुद श्रीकृष्ण है और राधारानी उसके सपने में आती हैं। श्रीकृष्ण का रूप बताकर वह युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश करता था। उसके संपर्क में दर्जनों युवक-युवतियां थे। आरोपी ने पश्चिम बंगाल की एक पीड़िता को धमकाकर कहा, ‘तुम्हारे साथ गलत करूंगा तो क्या कर लोगी’।
उत्तर प्रदेश में पुरवा हवाओं का प्रभाव कम होने और पछुआ हवाओं के मजबूत होने से अब तापमान में वृद्धि होगी। 7 जून तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने से गर्मी की रफ्तार फिलहाल धीमी रहेगी, लेकिन उसके बाद तापमान तेजी से बढ़ सकता है। लखनऊ और वाराणसी में पुरवाई का प्रभाव घटने के कारण अब तापमान बढ़ने लगा है, जिससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
यहां पढ़ें पूरी खबर
मौसम का यू-टर्न: क्या 7 जून के बाद यूपी में टूटने वाला है गर्मी का महा-रिकॉर्ड?
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 4 June 2026, 7:51 AM IST