UP Breaking Live News: यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश, अमेठी के किसानों को मिली बड़ी राहत; पढ़ें दिनभर की खबरें

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 26 September 2026 , 7:12 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 26 Sep 2026 07:12 PM (IST)

      Chandauli News: चंदौली में पहुंचा 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक

      सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा का केंद्र बना 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक चंदौली के पचपेड़वा इलाके में पहुंच गया है। बेल्जियम से उड़ीसा के रास्ते यूपी के बलरामपुर जा रहे 180 टन वजनी इस महाकाय वेसल को देखने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए नेशनल हाईवे पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

    • 26 Sep 2026 06:22 PM (IST)

      Sultanpur News: चीनी मिल फिर चलेगी? पेराई सत्र से पहले डीएम ने कसी कमर, मरम्मत कार्यों का लिया जायजा

      सुलतानपुर। आगामी पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिल को दोबारा संचालित कराने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने शनिवार को मोर्चा संभाला। प्रशासनिक भवन में प्रबंध कमेटी की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और इसके बाद खुद मिल परिसर में पहुंचकर रिपेयर एवं मेंटेनेंस कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

    • 26 Sep 2026 06:21 PM (IST)

      Sultanpur News: बारिश ने बिजली गिराई तो सड़क पर उतरे डीएम, गांव-गांव पहुंचकर संभाली व्यवस्था

      सुलतानपुर। आसमान से बरसती आफत और तेज आंधी के बीच जब बिजली आपूर्ति ठप हुई और सड़कें बदहाल नजर आईं, तो सुलतानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह खुद मोर्चे पर उतर आए। शनिवार को डीएम अधिकारियों की टीम के साथ मौके-मौके पर पहुंचे और बिजली से लेकर सड़क तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    • 26 Sep 2026 06:04 PM (IST)

      Farrukhabad News: 36 घंटे की बारिश से अमृतपुर-राजेपुर के कई गांव जलमग्न, ग्रामीण बेहाल

      फर्रुखाबाद। जिले में लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अमृतपुर और राजेपुर क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव के कारण गांव जलमग्न हो गए हैं। गलियों और संपर्क मार्गों पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    • 26 Sep 2026 05:56 PM (IST)

      Mirzapur News: तेज हवाओं और बारिश के चलते 33/11 विद्युत उपकेंद्र लहंगपुर

      मिर्जापुर। पिछले दिनों से तेज हवाओं और बारिश के चलते 33/11 विद्युत उपकेंद्र लहंगपुर, लालगंज से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। शुक्रवार शाम 4:00 बजे तक अवर अभियंता रामकेश पटेल व यूपीपीसीएल जेई के सर्वेश दुबे 33000 लाइन को छू रहे पेड़ों की टहनियों को कटवाने में लगे हुए हैं।

    • 26 Sep 2026 05:55 PM (IST)

      Sultanpur News: कोर्ट के आदेश पर 57 लाख की 11,467 लीटर अवैध शराब नष्ट

      सुलतानपुर। करौंदीकला पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विभिन्न मुकदमों से संबंधित 11,467.8 लीटर अवैध शराब नष्ट कराई। पुलिस के मुताबिक नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 57 लाख 33 हजार 900 रुपये है।
      यह कार्रवाई अपर सिविल जज (अ0ख0)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-36, सुलतानपुर के आदेश पर उपजिलाधिकारी कादीपुर द्वारा गठित टीम की मौजूदगी में की गई।

    • 26 Sep 2026 05:47 PM (IST)

      Sultanpur News: थाना समाधान दिवस में एसपी ने सुनी फरियाद, जमीन विवादों के निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

      सुलतानपुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने थाना बंधुआकला में पहुंचकर विभिन्न विवादों और राजस्व संबंधी मामलों की जनसुनवाई की। एसपी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित पुलिस व राजस्व अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली।

    • 26 Sep 2026 05:47 PM (IST)

      Sultanpur News: नाबालिग से जुड़े पॉक्सो मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

      सुलतानपुर। कादीपुर पुलिस ने नाबालिग से जुड़े पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित 24 वर्षीय अवनीश मिश्र उर्फ विशाल मिश्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को चीनी मिल तिराहे के पास से पकड़ा।

    • 26 Sep 2026 05:46 PM (IST)

      Sultanpur News: सरावां में फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर तमंचा-कारतूस बरामद

      सुलतानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में 23 सितंबर को राजन गौतम को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शिवम राजभर (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

    • 26 Sep 2026 05:35 PM (IST)

      Amethi News: अमेठी में किसानों को बड़ी राहत, मुआवजे के लिए दफ्तरों की दौड़ खत्म

      अमेठी। राष्ट्रीय राजमार्ग-931 के चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने गांव स्तर पर सुविधा शुरू की है। शनिवार को नेवादा किशुनगढ़ में लगाए गए विशेष शिविर में किसानों की भुगतान संबंधी पत्रावलियां मौके पर ही संकलित की गईं। इससे भू-स्वामियों को दस्तावेज जमा करने और औपचारिकताओं के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन अब अन्य प्रभावित गांवों में भी इसी तरह शिविर लगाकर भुगतान प्रक्रिया को तेज करेगा।

    • 26 Sep 2026 05:16 PM (IST)

      Budaun News: बदायूं में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 56 मिमी से अधिक बारिश

      बदायूं जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को भी सुबह से देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अब तक 56 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति बन गई है।

    • 26 Sep 2026 05:15 PM (IST)

      Kanpur News: घाटमपुर में अनुप्रिया पटेल का विपक्ष पर हमला, बोलीं- गठबंधन में सामंजस्य की कमी

      कानपुर। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर सुबह कानपुर पहुंचीं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर घाटमपुर की अपना दल (एस) विधायक सरोज कुरील और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह घाटमपुर स्थित कैप्टन सुखवासी सिंह जनता महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम में शामिल हुईं। बारिश के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    • 26 Sep 2026 04:53 PM (IST)

      Muzaffarnagar News: 25 साल पुराने पंचायत चुनाव विवाद पर कोर्ट का बड़ा फैसला

      मुजफ्फरनगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 25 साल पुराने पंचायत चुनाव की रंजिश और फायरिंग से जुड़े मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने 7 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है और प्रत्येक दोषी पर 1.87 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला भोपा थाना क्षेत्र का है।

    • 26 Sep 2026 04:45 PM (IST)

      Budaun News: बदायूं में 24 घंटे से मूसलाधार बारिश से हाहाकार, धान-बाजरा-उड़द की फसलें तबाह

      बदायूं जनपद में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अच्छी फसल देखकर खुश हो रहे किसानों की उम्मीदों पर इस बेमौसम बारिश ने पानी फेर दिया है। तेज हवाओं के साथ हो रही भारी बारिश से जिले में धान, बाजरा और उड़द समेत कई खरीफ की फसलें बुरी तरह तबाह हो गई हैं।

    • 26 Sep 2026 04:45 PM (IST)

      Maharajganj News: दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर, बक्सा खेत में फेंका

      महराजगंज: कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम खड़खोडी में शुक्रवार देर रात चोरों ने गोविंद यादव के घर को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा बक्सा उठा ले गए। इसके बाद बक्से में रखा सामान निकालकर उसे खेत में फेंक दिया।

    • 26 Sep 2026 04:44 PM (IST)

      Budaun News: बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार का कहर, चेंबर 168 के पास पलटी कार

      बदायूं जिले से गुजर रहे निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। चेंबर नंबर 168 के पास ओवरस्पीड के कारण एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची इमरजेंसी पैरामेडिकल टीम ने घायल को तत्काल इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

    • 26 Sep 2026 04:43 PM (IST)

      Amethi News: अमेठी में 16 साल पुराने हत्या के मामले में आया फैसला,दो सगे भाइयों को उम्रकैद

      अमेठी। अमेठी में सोलह साल पहले लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर की गई हत्या के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अप्रेशन कनविक्शन अभियान के तहत अमेठी पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय सुलतानपुर ने मामले में दोषी पाए गए दो सगे भाइयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों अभियुक्तों पर अलग-अलग धाराओं में कुल 77-77 हजार रुपये, यानी 1.54 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

    • 26 Sep 2026 04:33 PM (IST)

      Ballia News: डीएम ज्ञानेंद्र सिंह का केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने किया स्वागत

      बलिया। नवपदस्थ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से शनिवार को बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दवा व्यापारियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने जनपद में दवा व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर जिलाधिकारी से चर्चा की।

    • 26 Sep 2026 04:04 PM (IST)

      बारिश में भूख से जूझते परिवारों के लिए ‘राहत’ बनी सकरावा पुलिस

      सौरिख और सकरावा क्षेत्र में पिछले 36 घंटे से अधिक समय से तेज आंधी के साथ हो रही मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर रोज मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब और असहाय परिवारों के सामने भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे कठिन हालातों में सकरावा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों के लिए राहत का हाथ बढ़ाया है।

    • 26 Sep 2026 04:04 PM (IST)

      बदायूं बारिश से फसलें तबाह

      बदायूं में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। भारी बारिश और तेज हवाओं से धान, बाजरा और उड़द समेत कई फसलों को नुकसान हुआ है।

    • 26 Sep 2026 04:03 PM (IST)

      चुनाव आयोग पर सपा नेता के गंभीर आरोप

      समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में बहुमत के नियमों की अनदेखी कर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कई फैसले लिए।

    • 26 Sep 2026 03:43 PM (IST)

      महराजगंज में बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट

      नौतनवा ( महराजगंज) में लगातार हो रही बारिश और नेपाल में जारी वर्षा के चलते जिले की नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने महाव नाले समेत जिले के विभिन्न नदी क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

    • 26 Sep 2026 03:43 PM (IST)

      कानपुर से दिल्ली का सफर होगा और आसान, नई ट्रेन को मिली मंजूरी

      कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच दैनिक मेल ट्रेन चलाने को रेलवे ने मंजूरी दे दी है। ट्रेन संख्या 14153/14154 के रूप में संचालित होने वाली यह सेवा कानपुर और दिल्ली के बीच रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।

    • 26 Sep 2026 03:31 PM (IST)

      बारिश ने थामी कानपुर की रफ्तार, शहर से ग्रामीण इलाके हुए जलमग्न

      कानपुर में लगातार हो रही बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शनिवार को रुक-रुककर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का दौर चलता रहा। कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

    • 26 Sep 2026 03:29 PM (IST)

      हाथरस में मामूली कहासुनी पर स्कूटी सवार से मारपीट

      हाथरस के आगरा रोड बस स्टैंड के पास मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट की। सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। घटना का वीडियो कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

    • 26 Sep 2026 03:28 PM (IST)

      अमेठी में रिमझिम बारिश के बीच छाता लेकर ग्राउंड पर उतरे डीएम शशांक चौधरी

      अमेठी में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी शशांक चौधरी शनिवार को खुद जलभराव प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। छाता लेकर गांव में निकले डीएम ने गौरीगंज तहसील के बिहारीगंज गांव और गुलालपुर ड्रेन का स्थलीय निरीक्षण किया।जिला अधिकारी शशांक चौधरी ने जल निकासी की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराने, जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान करने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

    • 26 Sep 2026 03:27 PM (IST)

      बारिश के बीच छाता लेकर पहुंचे डीएम

      देवरिया में 26 सितंबर को हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। नगरीय क्षेत्र के भ्रमण पर निकलते समय कलेक्ट्रेट परिसर में फरियादियों को देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और बारिश के बीच छाता लेकर सीधे जनता के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने संवेदनशीलता के साथ सबकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

    • 26 Sep 2026 03:06 PM (IST)

      हाथरस डीएम ने सुनीं समस्याएं, चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण

      हाथरस गेट थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस पर डीएम सत्य प्रकाश पटेल और एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 12 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने भूमि विवादों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम से निष्पक्ष जांच कराकर सभी मामलों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

    • 26 Sep 2026 03:04 PM (IST)

      अमेठी में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक साल बाद मिला न्याय

      अमेठी में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सुलतानपुर की विशेष पास्को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने सुरजीत निषाद को दोषी मानते हुए बीस वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने विभिन्न धाराओं में सजा के साथ कुल 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने पर अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। यह फैसला उत्तर प्रदेश पुलिस के अप्रेशन कनविक्शन और मिशन शक्ति अभियान के तहत अमेठी पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद आया है।

    • 26 Sep 2026 03:01 PM (IST)

      देवरिया में बारिश और तेज हवाओं का कहर

      देवरिया: उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से समेत बिहार के कई इलाकों में शनिवार रात से मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों में खराब मौसम को देखते हुए कक्षा 12 तक के विद्यालय बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बारिश और तेज हवा का व्यापक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।

    • 26 Sep 2026 02:58 PM (IST)

      प्रतापगढ़ जंक्शन पर भटकी पाकिस्तानी बुली कुतिया

      प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में शनिवार को एक पाकिस्तानी बुली कुतिया के भटक कर पहुंचने से हड़कंप मच गया। खौफनाक और आक्रामक जीव को देख डरे सहमे स्थानीय लोगों ने तुरंत दरवाजा बंद कर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय टीम के असमर्थ होने पर प्रयागराज से आई विशेष रेस्क्यू टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन से बेहोश कर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।

    • 26 Sep 2026 02:57 PM (IST)

      डॉ मनमोहन सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि

      सलेमपुर (देवरिया) के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के आर्थिक विकास, शिक्षा और सामाजिक कल्याण में दिए गए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

    • 26 Sep 2026 01:53 PM (IST)

      मिर्जापुर: चक्रवाती बारिश बनी आफत

      चक्रवात के प्रभाव से मिर्ज़ापुर में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इसी बीच, एक पुराने पक्के मकान की छत अचानक सोते समय ढह गई, जिससे मलबे में दबकर 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

    • 26 Sep 2026 01:51 PM (IST)

      ललौली के छिटकापुरवा गांव में कृष्ण मंदिर से 14-14 किलो के दो बड़े घंटे चोरी

      फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के छिटकापुरवा गांव स्थित कृष्ण मंदिर से बीती रात अज्ञात चोरों ने 14-14 किलो वजनी दो बड़े घंटे चुरा लिए। सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी चंद्रपाल को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। मंदिर में हुई इस चोरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

    • 26 Sep 2026 01:04 PM (IST)

      देवरिया में तीन दिन की बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

      देवरिया में पिछले तीन दिनों से जारी लगातार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच आवागमन में भारी मुश्किलें आ रही हैं। मौसम के इस असर के कारण बाजार की गतिविधियों से लेकर स्कूलों तक पर इसका स्पष्ट प्रभाव देखा जा रहा है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हुई हैं।

    • 26 Sep 2026 01:03 PM (IST)

      मिर्जापुर में चक्रवाती तूफान की बारिश से ढही पक्के मकान की छत

      मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में लगातार तीन दिन की चक्रवाती बारिश के चलते विक्की सोनकर का पक्का मकान भरभरा कर गिर गया। भोर में करीब 4:00 बजे हुए इस हादसे के समय पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। मलबे की चपेट में आने से सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें विक्की की पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

    • 26 Sep 2026 01:03 PM (IST)

      गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 20 हजार रुपये, बरेली पुलिस की सूझबूझ से परिवार को मिले वापस

      आंध्र प्रदेश में बीटेक कर रहे बेटे को पिता ने 20,000 रुपये ऑनलाइन भेजे, लेकिन एक अंक की गलती से रकम दूसरे खाते में चली गई। बरेली के खाताधारक द्वारा रुपये लौटाने से इंकार करने पर, परिवार ने खुद नंबर का सुराग लगाकर बरेली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाताधारक को ढूंढा और पूरी रकम सुरक्षित वापस दिला दी।

    • 26 Sep 2026 12:45 PM (IST)

      थरियांव थाने के पास संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत

      कौशांबी के बब्बू (निवासी चक नारा, मंझनपुर) की थरियांव ससुराल हनुमानपुर में पत्नी से विवाद के बाद संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शुक्रवार को थाने में सुलह के बाद रात में फिर विवाद होने पर पुलिस तीनों को थाने लाई थी। पत्नी-सास को छोड़ने के बाद युवक को भी भेजा गया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। थाने से 100 मीटर दूर उसका शव मिला। पुलिस जांच कर रही है।

    • 26 Sep 2026 12:44 PM (IST)

      फतेहपुर में मूसलाधार बारिश से गिरा मकान

      फतेहपुर के खागा तहसील अंतर्गत गोपालपुर मोहल्ले में 48 घंटे की लगातार बारिश से एक जर्जर मकान ढहने से 8 वर्षीय अनंत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई और उसका बड़ा भाई गुड्डू घायल हो गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों ने लेखपाल पर 15 हजार रुपये लेकर भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न देने का गंभीर आरोप लगाया है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    • 26 Sep 2026 12:43 PM (IST)

      कानपुर में जाजमऊ की जूता फैक्ट्री में भीषण आग

      कानपुर में जाजमऊ के अशरफाबाद इलाके में शनिवार सुबह जूता फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस व दकमल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 2 घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

    • 26 Sep 2026 12:40 PM (IST)

      बरेली में मूसलाधार बारिश से मलूकपुर की सड़के जलमग्न

      ​बरेली मूसलाधार बारिश से चलते शहर के मलूकपुर, जसौली, दरगाह आला हजरत मोड़, बमनपुरी, सौदागरान आदि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में जलभराव हो गया। कई प्रमुख इलाकों में सड़कें पानी में पूरी तरह डूब गईं। मलूकपुर के मोनी ने बताया कि सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।

    • 26 Sep 2026 12:40 PM (IST)

      रेलवे लाइन किनारे मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव

      सलेमपुर-पिकोल अपलाइन पर आरडी इंटरनेशनल स्कूल के पीछे शनिवार तड़के रेलवे लाइन किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह रेलवे लाइन के किनारे शव पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।

    • 26 Sep 2026 12:39 PM (IST)

      सुल्तानपुर में डीएम इंद्रजीत सिंह की निगरानी में आपदा प्रबंधन टीम सक्रिय

      सुल्तानपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह सक्रिय है और जलभराव, बिजली आपूर्ति तथा गोमती नदी के तटीय गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन सोशल मीडिया पर मिलने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर रहा है।

    • 26 Sep 2026 12:37 PM (IST)

      सुल्तानपुर में डीएम के निर्देश पर ईओ ने किया जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण

      लगातार हो रही बारिश के कारण सुल्तानपुर शहर में उत्पन्न जलभराव और नाले चोक होने की समस्या का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को नगर पालिका ईओ लालचंद्र सरोज ने दरियापुर-राइननगर क्षेत्र के सूरज टॉकीज रोड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालों में जमा मलबे और सड़क क्रॉस करने वाली पुलियों की स्थिति को करीब से देखा, ताकि शहर में सुचारू जलनिकासी सुनिश्चित की जा सके।

    • 26 Sep 2026 12:34 PM (IST)

      चंदौली: बंद बाइक दुकान में लगी आग

      चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के पास स्थित 'इमरान बाइक प्वाइंट' में अचानक आग लग गई। दुकान से लपटें उठती देख राहगीरों ने मालिक को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक दर्जन पुरानी बाइकें जलने से बच गईं। शॉर्ट सर्किट की आशंका के चलते पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच कर रही है।

    • 26 Sep 2026 12:34 PM (IST)

      मिर्जापुर में नवरात्र से पूर्व सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश

      मिर्जापुर में मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने जूम बैठक में विंध्याचल मंडल के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और विलंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने नवरात्र से पूर्व सभी कार्यदायी एजेंसियों को सड़कों की सूरत बदलने का सख्त निर्देश दिया, अन्यथा निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, जिलाधिकारी ने एनएच के ठेकेदार को ब्लैकलिस्टेड करने के लिए शासन को पत्र भेजा है। बैठक में तीनों जनपदों के डीएम, एसपी और सीडीओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

    • 26 Sep 2026 12:31 PM (IST)

      लापरवाही के खिलाफ फूटा गुस्सा: लाल बहादुर इंटर कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन

      कौशांबी के चायल कस्बे स्थित लाल बहादुर इंटर कॉलेज में गंदे टॉयलेट और बदहाल पेयजल व्यवस्था से त्रस्त छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई ठप कर जोरदार प्रदर्शन किया। लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं पर प्रबंधन की अनदेखी से नाराज विद्यार्थियों ने बारिश की परवाह न किए बिना परिसर में डटकर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग उठाई।

    • 26 Sep 2026 12:10 PM (IST)

      कन्नौज एक्सप्रेस-वे पर पलटी सुल्तानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह की फॉर्च्यूनर

      लखनऊ से नोएडा जा रहीं सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह की फॉर्च्यूनर कार शुक्रवार देर रात कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेज बारिश के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई। हादसे में उषा सिंह समेत पांचों लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि मौके से गुजर रहे एक सिपाही दंपती ने तत्परता दिखाते हुए राइफल के बट से शीशा तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

    • 26 Sep 2026 12:07 PM (IST)

      फर्रुखाबाद में पानी और बिजली के लिए हाहाकार

      फर्रुखाबाद में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी के पंप बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। वहीं, कच्चे मकानों में रहने वाले लोग ढहने के डर से भारी चिंता में हैं।

    • 26 Sep 2026 12:05 PM (IST)

      महुअवां में ढहा 200 साल पुराना पीपल का पेड़

      महराजगंज जिले के नौतनवा तहसील अंतर्गत ग्राम महुअवां में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते बीती रात 3 बजे एक 200 साल पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। इस बड़े हादसे की चपेट में आने से चार गरीब परिवारों के घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। गनीमत रही कि गहरी नींद में सो रहे सभी ग्रामीण समय रहते सुरक्षित निकाल लिए गए, जिससे किसी की जान नहीं गई और केवल कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं।

Location :  Lucknow

Published :  26 September 2026, 11:52 AM IST