
गर्मी और उमस पर मानसून का प्रहार (Img- Envato)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के लोगों को लंबे समय से जिस राहत का इंतजार था, वह आखिरकार सोमवार को मिल ही गई। प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जबरदस्त वापसी की है। तराई से लेकर बुंदेलखंड तक के कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी चिपचिपी उमस और चुभती गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश होते ही प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पारा तेजी से नीचे लुढ़क गया।
सोमवार को बारिश का सबसे ज्यादा असर इटावा जिले में देखने को मिला, जहां सबसे अधिक 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सिद्धार्थनगर में 28.6 मिमी और हमीरपुर में 28 मिमी पानी बरसा। राजधानी लखनऊ में भी दोपहर बाद बादलों का डेरा जमा और कई हिस्सों में 9.4 मिमी बारिश हुई। इससे लखनऊ के अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आई और मौसम बेहद सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की रेखा (ट्रफ) एक बार फिर उत्तर भारत की ओर खिसक रही है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो गया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इन दो मौसमी प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से मंगलवार से 30 जुलाई तक राज्यभर में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
UP में थमा नहीं है मानसून! 28 जिलों में येलो अलर्ट, 27 जुलाई से शुरू होगा झमाझम बारिश का दूसरा राउंड
वहीं प्रयागराज, बांदा, पीलीभीत, झांसी और मेरठ समेत 18 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 61 अन्य जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा जताया गया है, इसलिए लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 28 July 2026, 7:48 AM IST
Topics : heavy rainfall UP Monsoon UP Weather Weather Update