
6 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं(Img: Dynamite news)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मवेशी की मौत के हर्जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ और इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों के साथ दूसरे पक्ष के घर में घुसकर महिलाओं को बेरहमी से पीटा।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना में कई महिलाओं के घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कुर्रा थाना क्षेत्र के नगरिया गांव का है। पीड़ित पक्ष के सन्नी के मुताबिक, 10 नवंबर को आरोपियों ने उनका मवेशी मार दिया था। जब उन्होंने मवेशी की मौत का हर्जाना मांगा तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने सन्नी और उनकी मां के साथ लाठी-डंडों और ईंटों से मारपीट की। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे दोबारा हमला कर दिया। उस समय घर के पुरुष सीओ कार्यालय गए हुए थे। आरोप है कि करीब 15 से 20 लोग लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए। घर में मौजूद महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं को खींचकर पीटा गया। हमले में कई महिलाओं के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।
पीड़िता आंजी की ओर से कुर्रा थाने में दी गई तहरीर में मितलेश, चंद्रभान, संतोष, पुनीत, ऋषभ, अवनीश, जितेंद्र, सिंटू, मिंकू और गौरव समेत कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, धारदार हथियारों से हमला करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने गांव में न रहने देने की धमकी भी दी।
मैनपुरी के गौरव बने मनल चौहान, अंडर-19 एशिया कप जीतकर लौटे तो शहर ने किया भव्य स्वागत
हालांकि इस मामले में थाना कुर्रा पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की है लेकिन परिजनों का आरोप है कि घटना के 6 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे वह लगातार धमकियां दे रहे हैं।
Location : mainpuri
Published : 18 November 2026, 5:30 PM IST
Topics : crime news mainpuri UP News Viral video