
आकाश आनंद का जनसभा में बड़ा ऐलान (Image Source: Dynamite News)
Kanpur: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने कानपुर की बिल्हौर विधानसभा सीट से अवधेश कोरी को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रविवार को शिवराजपुर स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने इसकी घोषणा की। जनसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने मंच पर माला और मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
आकाश आनंद ने कहा कि प्रदेश की जनता को अच्छी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार चाहिए, लेकिन पिछले 10 वर्षों में सरकार इन तीनों मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को सुविधाओं के बजाय विज्ञापन और होर्डिंग दिखाई दिए। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली हैं, स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल बंद किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को पढ़ने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: IPS आलोक सिंह को VRS मंजूर, अब संभालेंगे UPPSC की कमान
कानपुर के औद्योगिक इतिहास का जिक्र करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि शहर को मजदूरों ने बनाया और बसाया है। कपड़ा और चमड़ा मिलों ने कानपुर को दुनिया में पहचान दिलाई, लेकिन आज मिलें बंद हो चुकी हैं। शहर चमका, मगर मजदूरों की बस्तियों की हालत नहीं बदली। उन्होंने चमड़ा उद्योग में ठप कारोबार का भी मुद्दा उठाया।
महिला सुरक्षा और महंगाई पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जनता को विज्ञापनों में नंबर एक होने के बजाय जमीन पर सुरक्षा चाहिए। गैस सिलेंडर और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई किसी की जाति या धर्म देखकर नहीं आती।
आकाश आनंद ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निर्माण और गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मरम्मत कार्यों को पंखे से सुखाया जा रहा है। प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तुलना शोकेस के शोपीस से करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पद और बंगला तो दिया गया, लेकिन निर्णय लेने का अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मायावती ने जिन्हें कुर्सी दी, उन्हें निर्णय लेने का अधिकार भी दिया।
सपा के पीडीए नारे पर सवाल उठाते हुए आकाश आनंद ने कहा कि इसकी परिभाषा लगातार बदल रही है। उन्होंने आगरा में आयोजित सम्मेलन का जिक्र करते हुए सपा पर समाज का अपमान करने का आरोप लगाया और माफी मांगने को कहा।
बिल्हौर से अवधेश कोरी होंगे बसपा प्रत्याशी (Image Source: Dynamite News)
कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों और जेन-जी के प्रति हमदर्दी दिखाई जाती है, जबकि अन्य राज्यों में उन पर लाठियां चलाई जाती हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस की आंबेडकर तथा संविधान को लेकर की जाने वाली राजनीति पर भी सवाल उठाए।
आकाश आनंद ने मायावती के चार बार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत थी। गरीबों को आवास और भूमिहीन परिवारों को जमीन देने जैसे काम किए गए। उन्होंने दावा किया कि बसपा शासन में माफियागिरी और दबंगई के लिए कोई जगह नहीं थी।
उन्होंने बिल्हौर विधानसभा से घोषित बसपा प्रत्याशी अवधेश कोरी को भारी मतों से जिताने और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने छह दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली जनसभा में लोगों से पहुंचने का आह्वान किया।
Location : Kanpur
Published : 29 November 2026, 8:25 PM IST