जनपद के खजनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने कुल 189 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।पढिए पूरी खबर

अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
Gorakhpur: जनपद के खजनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने कुल 189 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की मारुति वैगनआर कार भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिहार ले जा रहे थे। तभी जरलही और कन्दराई के मध्य पुलिया के पास शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 240 बोतल रायल ग्रीन व्हिस्की (750 एमएल) कुल 180 लीटर तथा 24 बोतल (375 एमएल) कुल 9 लीटर शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 189 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इस्तेयाक आलम (निवासी सिवान, बिहार), राजू (सिवान, बिहार), राहुल यादव उर्फ मोनू (गोरखपुर), आलोक यादव (गोरखपुर) और गोलू तिवारी उर्फ ऋषभ (नोएडा) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर शराब तस्करी में सक्रिय था और आर्थिक लाभ के लिए इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खजनी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। खजनी पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि अपराध और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।