मासूमों के सिर से उठा मां का साया, बदायूं में मूसलाधार बारिश ने उजाड़ा एक और हंसता-खेलता परिवार

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण एक कच्चे मकान का लिंटर गिर गया। इस हादसे में मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। गनीमत रही कि पति और चार बच्चे बरामदे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 July 2026, 2:57 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले में पिछले 3 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर जान ले ली। उघैती थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर में शुक्रवार तड़के एक कच्चे मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मलबे में दबकर 37 वर्षीय महिला गुड्डो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बरामदे में सोने से बची पूरे परिवार की जान

जानकारी के मुताबिक मृतका गुड्डो देवी पत्नी महीपाल अपने परिवार के साथ गांव में रहती थीं। लगातार बारिश के कारण घर की दीवारों में सीलन आ गई थी। डर के मारे गुरुवार रात महीपाल अपने चारों बच्चों के साथ घर के बाहर बरामदे में सो गया था।

ये भी पढ़ें - Budaun: एक ओवरटेक ने छीन ली जिंदगी… गंगा एक्सप्रेसवे पर बस की टक्कर से वाराणसी के युवक की दर्दनाक मौत

शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे तेज बारिश के बीच अचानक कमरे का लिंटर बैठ गया और पूरा मलबा अंदर गिर पड़ा। उस समय गुड्डो देवी कमरे में अकेली सो रही थीं और मलबे में दब गईं। गनीमत रही कि महीपाल और बच्चे बरामदे में थे इसलिए वे सुरक्षित बच गए।

ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव

लिंटर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने रस्सी, फावड़ा और हाथों से मलबा हटाना शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुड्डो देवी को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा लगातार बारिश के कारण मकान की नींव कमजोर होने से हुआ है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार को सरकारी सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

ये भी पढ़ें - Budaun News: फतेहपुर के पूर्व प्रधान पर लगा टक्कर मारकर भागने का आरोप, हादसे के बाद फरार हुआ चालक 

गांव में मचा कोहराम

गुड्डो देवी की मौत से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महीपाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। अब 4 छोटे बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक हफ्ते से रुक-रुक कर हो रही बारिश से गांव के कई कच्चे मकानों में दरारें आ गई हैं। लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कराकर पीड़ितों को सुरक्षित जगह शिफ्ट करने और आर्थिक मदद देने की मांग की है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जर्जर मकानों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

Location :  Budaun

Published :  10 July 2026, 2:57 PM IST

Related News

Advertisement